लंदन (ईएमएस)। ब्रिटेन की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी ऑफ एक्जेटर ने ‘मैजिक एंड ओकल्ट साइंस’ नाम से एक विशेष मास्टर्स डिग्री कोर्स शुरू किया है, जिसने दुनियाभर में चर्चा पैदा कर दी है। इस कोर्स को लेकर लोग इसे ‘रियल हॉगवर्ट्स’ तक कहने लगे हैं। यूनिवर्सिटी ने इस कोर्स की शुरुआत वर्ष 2024 में की थी और अब 2026 के लिए भी इसमें दाखिले जारी हैं। यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार जादू-टोना, रहस्यवाद और ओकल्ट साइंस के प्रति युवाओं की बढ़ती रुचि को देखते हुए यह कोर्स शुरू किया गया है। कोर्स से जुड़े प्रोफेसरों का कहना है कि आज की पीढ़ी इन विषयों को केवल मनोरंजन के रूप में नहीं बल्कि सामाजिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से समझना चाहती है। इस एमए प्रोग्राम में छात्रों को दुनिया की विभिन्न जादुई परंपराओं और रहस्यमयी मान्यताओं का अध्ययन कराया जाएगा। पाठ्यक्रम में पूर्वी और पश्चिमी संस्कृतियों में जादू के प्रभाव, विज्ञान और अंधविश्वास के बीच संबंध, ड्रैगन से जुड़ी पौराणिक कथाएं, किंग आर्थर की कथाएं, इस्लामी विचारधारा में रहस्यवाद और समाज में विचक्राफ्ट की भूमिका जैसे विषय शामिल किए गए हैं। यह एक वर्षीय कोर्स है, जिसमें छात्र अपनी रुचि के अनुसार अलग-अलग मॉड्यूल चुन सकते हैं। हालांकि यूनिवर्सिटी ने साफ किया है कि यहां फिल्मों की तरह उड़ने वाली झाड़ू, जादुई छड़ी या पॉशन्स क्लास जैसी चीजें नहीं होंगी। इसके बजाय छात्रों को जादू और रहस्यवाद की ऐतिहासिक, साहित्यिक और सामाजिक समझ विकसित कराई जाएगी। यूनिवर्सिटी ऑफ एक्जेटर के इस फैसले ने दुनियाभर के हैरी पॉटर प्रशंसकों में उत्साह बढ़ा दिया है। ब्रिटेन के अलावा अमेरिका, भारत, ऑस्ट्रेलिया और यूरोप के कई देशों से छात्र इस कोर्स में दाखिले के लिए आवेदन कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह कोर्स तेजी से चर्चा में बना हुआ है और लोग इसे अपने बचपन के सपनों से जोड़कर देख रहे हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि यह कोर्स केवल मनोरंजन आधारित नहीं बल्कि गंभीर अकादमिक अध्ययन का हिस्सा है। इसके माध्यम से छात्रों को यह समझने का अवसर मिलेगा कि इंसान सदियों से जादू, रहस्य और अलौकिक शक्तियों की ओर क्यों आकर्षित होता रहा है। पाठ्यक्रम में छात्रों को रिसर्च प्रोजेक्ट भी करना होगा, जिसमें वे किसी जादुई परंपरा या रहस्यवादी विचारधारा पर गहराई से अध्ययन करेंगे। यूनिवर्सिटी का वातावरण भी इस कोर्स की लोकप्रियता बढ़ाने में अहम भूमिका निभा रहा है। सुदामा/ईएमएस 23 मई 2026