खेल
23-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में आजकल सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी कर रहे ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर पैट कमिंस ने कहा है कि अगले कुछ साल तक उनकी पहली प्राथमिकता ऑस्ट्रेलियाई टीम से खेलना ही रहेगा। कमिंस का ये बयान तब आया है जब खेल जगत में इस बात की बहस चल रही है कि ऑस्ट्रेलिया के कुछ शीर्ष खिलाड़ी आईपीएल के अलावा अन्य आकर्षक फ्रेंचाइजी लीगों के लिए राष्ट्रीय टीम की उपेक्षा कर रहे हैं। वहीं कमिंस ने अपने बयान से साफ कर दिया है कि उनकी प्रतिबद्धता ऑस्ट्रेलियाई टीम से जुड़ी हुई है हालांकि वह आईपीएल प्लेऑफ को देखते हुए आगामी पाकिस्तान और बांग्लादेश के दौरों से बाहर रहने वाले हैं। वह इसके अलावा अन्य सब मुकाबलों में खेलेंगे। अगस्त 2026 से अगस्त 2027 के बीच होने वाले संभावित 20 से 21 टेस्ट मैचों, जिनमें भारत में प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी और इंग्लैंड में एशेज सीरीज जैसे महत्वपूर्ण मुकाबले शामिल इसमें वह शामिल रहेंगे। ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और बिग बैश लीग (बीबीएल) दोनों के प्रति प्रतिबद्धता का मुद्दा हाल के समय में छाया रहा है। कुछ समय पहले, पांच अनुभवी खिलाड़ी क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के शुरुआती अनुबंध प्रस्तावों से हटकर लीग क्रिकेट खेलने लगे थे जिससे बोर्ड और खिलाड़ियों के बीच मतभेदों भी सामने आ गये। मार्च महीने में कमिंस खुद निशाने पर थे जब उन्होंने खिलाड़ियों के बीच एक तनाव होने की बात कही थी। यह तनाव अगस्त में बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट खेलने की राष्ट्रीय जिम्मेदारी और उसी समय इंग्लैंड की द हंड्रेड लीग में खेलकर लगभग 6.75 लाख ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (लगभग 4.85 लाख अमेरिकी डॉलर) कमाने के अवसर को छोड़ने के बीच की दुविधा को बताता था। वहीं अब एक कार्यकम में कमिंस ने अपनी स्थिति को और स्पष्ट करते हुए कहा कि निकट भविष्य के लिए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट के प्रति वह प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने से कहा, मेरे लिए कुछ नहीं बदला है। मेरी पहली प्राथमिकता ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट है, खासकर टेस्ट क्रिकेट। ऑस्ट्रेलियाई टेस्ट कप्तान के तौर पर, उन्होंने आगे कहा, मैं कोई भी टेस्ट नहीं छोड़ता। मैं चाहता हूं कि जितने ज़्यादा ऑस्ट्रेलियाई मैच खेल सकूं, उनके लिए अपने को उपलब्ध रखना चाहता हूं। आईपीएल को लेकर उन्होंने कहा कि यह अच्छी है क्योंकि यह आमतौर पर हमारी छुट्टियों के दौरान होती है, इसलिए यह एक स्वाभाविक विकल्प है। गिरजा/ईएमएस 23मई 2026