मुम्बई (ईएमएस)। 15 के वैभव सूर्यवंशी ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के इस सत्र में राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का ध्यान खींचा है। ऐसे में कहा जाने लगा है कि वैभव भविष्य में दूसरे सचिन तेंदुलकर बनेंगे जिसे पूर्व क्रिकेटर दिनेश कार्तिक सही नहीं मानने। कार्तिक का कहना है कि इस प्रकार से किसी भी उभरते हुए खिलाड़ी पर दबाव नहीं बनाया जाना चाहिये। कार्तिक ने जोर देकर कहा है कि वैभव को अपने रास्ते पर चलने देना चाहिए और उन पर अनावश्यक तुलना का बोझ नहीं डालना चाहिए, क्योंकि इससे उनके करियर में बाधाएं आ सकती हैं। गौरतलब है कि पिछले साल आईपीएल में पदार्पण के बाद से ही वैभव की चर्चा हर तरफ है। इस क्रिकेटर ने केवल 15 साल की उम्र में विश्व के दिग्गज गेंदबाजों पर भी बड़े शॉट लगाकर दिखा दिया कि वह किसी मामले में पीछे नहीं है। आईपीएल के मौजूदा सीज़न में वह लगातार ऑरेंज कैप की दौड़ में बने हुए हैं और सबसे अधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर चुके हैं। बाएं हाथ के इस ओपनर ने 13 मैचों में 579 रन बनाए हैं, जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 236.32 का रहा है, जिससे वह सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाजों की सूची में शीर्ष पर हैं। वहीं कार्तिक अभी रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बल्लेबाजी कोच और मेंटर हैं, ने इस तुलना पर अपनी चिंता व्यक्त करते हुए कहा, “जो वैभव कर रहा है, वह बहुत खास है, लेकिन मैं नहीं चाहता कि लोग उसे अगला सचिन कहें क्योंकि वह सिर्फ 15 साल का है। उसे वही करने दो जो वह कर रहा है। मुझे लगता है कि सचिन ने जो किया वह असाधारण था और उसकी तुलना किसी से नहीं की जा सकती।” कार्तिक ने यह भी स्पष्ट किया कि वैभव को अपने करियर में सचिन से बिल्कुल अलग तरह की चुनौतियों का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा, “सचिन की चुनौतियां मैदान के अंदर जितनी थीं, उतनी ही मैदान के बाहर भी थीं। वैभव की चुनौतियां निश्चित रूप से मैदान के बाहर ज्यादा होंगी, क्योंकि उसके पास क्रिकेट की बहुत सारी स्किल्स हैं। खेल के बाहर जो कुछ भी आता है, उससे भी सफलतापूर्वक निपटना जरूरी है।” कार्तिक ने आईपीएल के 2008 में शुरू होने के बाद से आए व्यापक बदलावों पर भी प्रकाश डाला। उनके अनुसार, यह टूर्नामेंट पूरी तरह बदल चुका है और ऐसा लगता है जैसे खेल बहुत तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने डेटा और मैट्रिक्स के अत्यधिक प्रभावी उपयोग का उल्लेख करते हुए बताया कि आईपीएल अब तक का सबसे तेजी से बढ़ने वाला क्रिकेट फॉर्मेट है। कार्तिक ने जोर दिया कि यह अब बहुत से लोगों के लिए एक लाइफस्टाइल प्रोवाइडर बन गया है और किसी भी युवा लड़के या लड़की के लिए एक मजबूत करियर विकल्प के तौर पर उभरा है, जो बहुत कम समय में दुनिया के अन्य बड़े खेल टूर्नामेंट्स को भी कड़ी टक्कर दे रहा है। यह बदलता परिदृश्य ही युवा खिलाड़ियों जैसे वैभव के लिए अतिरिक्त बाहरी दबाव और चुनौतियों को जन्म देता है, जिससे उन्हें सावधानी से निपटना होगा। गिरजा/ईएमएस 23मई 2026