ओटावा (ईएमएस)। कनाडा और अमेरिका के बीच दशकों पुरानी दोस्ती में नई दरार साफ दिख रही है। हालिया सरकारी आंकड़े बताते हैं कि कनाडाई नागरिक अब पहले की तरह अमेरिका की यात्रा नहीं कर रहे हैं। यह गिरावट कोई चंद महीनों की नहीं, बल्कि लगातार 15 महीनों से दर्ज की जा रही है, जो दोनों पड़ोसी देशों के बीच बढ़ते राजनीतिक और आर्थिक तनाव को दिखाती है। कनाडा के अनुसार, मार्च में कनाडाई निवासियों ने अमेरिका के लिए कुल 2.6 मिलियन राउंड ट्रिप कीं, जो बीते साल की तुलना में 6.4 प्रतिशत कम है। हवाई यात्राओं में 10.8 प्रतिशत (934,100 यात्राएं) और कार यात्राओं में 3.3 प्रतिशत (1.6 मिलियन यात्राएं) की उल्लेखनीय कमी आई है। यहां तक कि छोटी, एक ही दिन की यात्राओं में भी गिरावट है, जो कुल यात्राओं का लगभग 63.7 प्रतिशत थीं। पिछले कुछ वर्षों से तुलना में कनाडाई यात्राओं में लगभग 28 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिसमें कार यात्राएं 33.7 प्रतिशत तक गिर गई हैं। इस बदलती प्रवृत्ति के पीछे कई कारण हैं। अमेरिकी नीतियों और बयानों को लेकर कनाडा में बढ़ती असहजता, जैसे टैरिफ और 51वीं राज्य वाली टिप्पणियां, राजनीतिक तनाव बढ़ा रही हैं। बाय कनाडाई जैसे आंदोलनों ने भी स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा दिया है। आर्थिक रूप से, कनाडाई डॉलर के मुकाबले अमेरिकी डॉलर का मजबूत होना अमेरिका में यात्रा को महंगा बना रहा है। ट्रैवल विशेषज्ञ एक प्रमुख कारण मानते हैं, जिससे कई परिवारों के लिए अमेरिका की यात्रा बजट से बाहर हो गई है। हालांकि, स्नोबर्ड्स (जो सर्दियों में गर्म राज्यों में जाते हैं) अभी भी अपनी यात्राएं जारी रखे हुए हैं। दिलचस्प बात यह है कि यह प्रवृत्ति एकतरफा नहीं है। अमेरिका से कनाडा आने वाले यात्रियों की संख्या में वृद्धि हुई है। मार्च में, 1.3 मिलियन अमेरिकी यात्रियों ने कनाडा की यात्रा की, जो पिछले साल की तुलना में 4.4 प्रतिशत अधिक है। कार और हवाई दोनों माध्यमों से यात्राओं में हल्की बढ़त देखी गई है, जिससे पता चलता है कि जहां कनाडाई अमेरिका से दूर हो रहे हैं, वहीं अमेरिकी कनाडा को एक आकर्षक गंतव्य के रूप में देख रहे हैं। आशीष/ईएमएस 23 मई 2026