व्हाइट हाउस में हलचल, बैठकों का दौर शुरु वॉशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव एक बार फिर बेहद खतरनाक मोड़ पर पहुंच गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ईरान पर नए सैन्य हमलों की तैयारी में जुटा है। व्हाइट हाउस और पेंटागन में बढ़ती हलचल ने बड़े सैन्य एक्शन की आशंका को तेज कर दिया है, जिसके चलते राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने सभी निजी कार्यक्रम और यात्राएं रद्द कर दी हैं। शुक्रवार को राष्ट्रपति ट्रंप ने अपने राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकारों और शीर्ष सैन्य अधिकारियों के साथ व्हाइट हाउस में एक बेहद अहम बैठक की। इस बैठक में उपराष्ट्रपति जेडी वेंस, रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ, सीआईए डायरेक्टर जॉन रैटक्लिफ और चीफ ऑफ स्टाफ सूजी वाइल्स समेत कई बड़े अधिकारी मौजूद थे। इस बीच, अमेरिकी सेना के कुछ जवानों की मेमोरियल डे की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं और विदेशों में तैनात अमेरिकी सैन्य ठिकानों के रिकॉल रोस्टर को अपडेट किया जा रहा है ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए राष्ट्रपति ट्रंप ने न्यू जर्सी स्थित बेडमिंस्टर गोल्फ क्लब जाने का अपना कार्यक्रम रद्द कर दिया और अचानक वॉशिंगटन लौट आए। उन्होंने अपने बेटे डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी में शामिल होने का कार्यक्रम भी कैंसिल कर दिया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, सरकारी परिस्थितियों और अमेरिका के प्रति अपने प्रेम की वजह से मुझे व्हाइट हाउस में रहना जरूरी लग रहा है। इसी दौरान ट्रंप के करीबी सलाहकार द्वारा सोशल मीडिया पर B-2 स्टील्थ बॉम्बर्स का एक वीडियो शेयर किया गया है, जिसे आने वाले हमले के संकेत के रूप में देखा जा रहा है। मिली जानकारी के मुताबिक, ट्रंप अब ईरान पर नए हमलों पर बहुत गंभीरता से विचार कर रहे हैं। हालांकि उन्होंने पहले इजरायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से कहा था कि वे कूटनीति को एक और मौका देना चाहते हैं, लेकिन अब उनका रुख बेहद सख्त हो गया है। ट्रंप ने कहा, हमने उन्हें जोरदार तरीके से मारा था और हमारे पास कोई विकल्प नहीं था, क्योंकि ईरान परमाणु हथियार नहीं रख सकता। इस महासंकट के बीच युद्ध को टालने के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रयास भी शुरू हो गए हैं। पाकिस्तान और कतर बैकचैनल डिप्लोमेसी (परदे के पीछे की बातचीत) में सक्रिय हो गए हैं। इसी सिलसिले में पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर तेहरान पहुंचे हैं, जिसे जंग टालने की आखिरी कोशिशों के रूप में देखा जा रहा है। दूसरी तरफ, इन बदलते वैश्विक हालातों के बीच अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो इस समय भारत दौरे पर हैं। वीरेंद्र/ईएमएस/23मई 2026