अहमदाबाद (ईएमएस)। पूर्व क्रिकेटर संजय बांगड़ ने कहा है कि आईपीएल के इस 19 वें सत्र में गुजरात टाइटंस की सफलता में तेज गेंदबाजों मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा की अहम भूमिका रही है। ये दोनों गेंदबाज इस सत्र में सबसे ज्यादा विकेट लेने वालों में शामिल हैं। बांगड़ ने कहा कि इस तेज गेंदबाजी जोड़ी ने टीम की इस सत्र में सफलता की नींव रखी है। उन्होंने बताया कि इनकी अच्छी शुरुआती सफलताओं के कारण ही राशिद खान जैसे स्पिनर को बीच के ओवरों में अधिक आजादी के साथ गेंदबाजी करने का मौका मिला। बांगड़ ने कहा, मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने इस सीजन में गुजरात टाइटंस के लिए बहुत ही शानदार माहौल तैयार किया है। शुरुआत में लंबे स्पेल डालने से उन्हें लगातार फील्ड या छोर बदलने की जरूरत के बिना लगातार आक्रमण करने का मौका मिला है। शुरुआती विकेट लेने की उनकी काबिलियत ने बाकी गेंदबाजी ईकाई के लिए एक बेहतरीन मंच तैयार किया है। और जब टीम मैच की शुरुआत में ही बढ़त बना लेती है, तो राशिद जैसे गेंदबाज का सामना करना और भी मुश्किल हो जाता है। कुल मिलाकर यह एक बेहतरीन तरीके से संभाला गया बॉलिंग अटैक रहा है। बांगड़ ने इसके अलावा बल्लेबाज जोस बटलर की प्रशंसा करते हुए कहा उन्होंने इस सीजन में खूब रन बनाए हैं और अपनी बल्लेबाजी में एक अलग ही स्तर का दबदबा और आक्रामकता दिखाई है। चेन्नई सुपरकिग्स के खिलाफ मैच को ही लें उनके स्ट्राइक रेट ने पारी का रुख पूरी तरह से बदल दिया और गुजरता को एक ऐसा स्कोर बनाने में मदद की जिसे हासिल करना सीएसके के लिए असंभव हो गया। साथ ही कहा कि अब इन खिलाड़ियों के अच्छे प्रदर्शन का लाभ टीम को प्लेऑफ में मिलेगा। गिरजा/ईएमएस 23मई 2026