खेल
23-May-2026
...


बेंगलुरु (ईएमएस)। भारतीय महिला क्रिकेट टीम अगले माह होने वाले टी20 विश्वकप की तैयारियां में लगी है। भारतीय टीम का लक्ष्य एकदिवसीय के बाद टी20 खिताब भी अपने नाम करना है और टीम इसको लेकर प्रयास भी कर रही है। टीम की उपकप्तान स्मृति मंधाना ने का कहना है कि टीम टूर्नामेंट के लिए पूरी तरह से तैयार है। उसका मनोबल बढ़ा हुआ है और वह जीत हासिल करने में कोई कसर नहीं रखेगी। यह टूर्नामेंट 12 जून से इंग्लैंड और वेल्स में खेला जाएगा। इसमें भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 14 जून को परंपरागत प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ मैच से करेगी। मंधाना टीम की तैयारियों से संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा, हमारा अभ्यास शिविर बहुत अच्छा रहा। मैं अभी इस बारे में इतना ही बताना चाहती हूं। साथ ही कहा कि सभी खिलाड़ी अच्छी स्थिति में दिख रही हैं। उन्होंने बहुत अच्छी तरह से अभ्यास किया है और सभी कड़ी मेहनत कर रहे हैं। टीम में एक सकारात्मक ऊर्जा है और हर कोई अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए उत्सुक है। भारतीय टीम ने बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) में एक गहन अभ्यास शिविर में हिस्सा लिया। इस शिविर का उद्देश्य खिलाड़ियों को आगामी चुनौतियों के लिए शारीरिक और मानसिक रूप से तैयार करना था, जिसमें फिटनेस, फील्डिंग और विभिन्न मैच परिदृश्यों पर काम किया गया। टीम 22 मई को मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की महत्वपूर्ण टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलने के लिए रवाना होगी। इससे टीम को टूर्नामेंट के लिए लय हासिल करने में सहायता मिलेगी मंधाना ने जोर देकर कहा कि टीम अपनी तैयारियों को लेकर आश्वस्त है और उसका एकमात्र लक्ष्य विश्व कप जीतना है। उन्होंने कहा, हम विश्व कप की तैयारी कर रहे हैं और उससे पहले हमें एक सीरीज में खेलना है। हमारी तैयारी अच्छी चल रही है और हम आगे भी कड़ी मेहनत करते रहेंगे। हमें पूरा विश्वास है कि हम विश्व कप जीतकर भारत को गौरवान्वित करेंगे और देशवासियों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। गिरजा/ईएमएस 23मई 2026