ठाणे, (ईएमएस)। ठाणे महानगरपालिका ने मुंबई सीमा से लगे कई इलाकों में 10 प्रतिशत पानी कटौती लागू करने की घोषणा की है। ये इलाके मुख्य रूप से मुंबई महानगरपालिका से मिलने वाली जलापूर्ति पर निर्भर हैं। मनपा अधिकारियों के अनुसार, नौपाड़ा-कोपरी, लोकमान्य सावरकरनगर, वागले एस्टेट और माजीवाड़ा-मानपाड़ा प्रभाग समिति के कुछ हिस्सों में पानी की सप्लाई प्रभावित रहेगी। यह कटौती तत्काल प्रभाव से लागू कर दी गई है और अगले आदेश तक जारी रहेगी। अधिकारियों ने कहा कि मुंबई मनपा ने 15 मई से अपने जलाशयों में पानी का स्तर बेहद कम होने के कारण पानी कटौती शुरू की थी। इसी के बाद राज्य सरकार के निर्देश पर ठाणे में भी यह फैसला लिया गया। एक अधिकारी ने कहा कि भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने इस वर्ष एल नीनो और इंडियन ओशन डाइपोल की स्थिति को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके चलते जलाशयों में उपलब्ध पानी को लंबे समय तक सुरक्षित रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। मनपा ने नागरिकों से अपील की है कि वे पानी का इस्तेमाल सावधानी और जरूरत के अनुसार करें, ताकि संकट की स्थिति से बचा जा सके। - २३ मई/२०२६/ईएमएस