23-May-2026
...


- बुजुर्ग महिला के जेवर उतरवाकर 5 लाख की चपत लगा गए शातिर चोर - कैंट थाना क्षेत्र में सनसनीखेज चोरी, बुजुर्ग दंपत्ति को धमकाकर बदमाश ले गए लाखों के जेवर और नगदी गुना (ईएमएस)। शहर के कैंट थाना क्षेत्र अंतर्गत एबी रोड स्थित राजविलास के पास एम-3 टाउन कॉलोनी में शुक्रवार-शनिवार की दरम्यानी देर रात हुई सनसनीखेज चोरी की वारदात से इलाके में दहशत फैल गई। आधा दर्जन के करीब नकाबपोश बदमाश एक मकान में घुस गए और बुजुर्ग दंपत्ति को जान से मारने की धमकी देकर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर और नगदी लेकर फरार हो गए। वारदात रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार मूल रूप से राजस्थान निवासी परिवार एम-3 कॉलोनी में निवास करता है। परिवार के सदस्य रात को घर का मुख्य ताला लगाना भूल गए थे। घर में बच्चे देर रात तक खेल रहे थे और इसी का फायदा उठाकर बदमाश अंदर घुस आए। चोरों ने सबसे पहले एक कमरे का ताला तोड़ा और फिर दूसरे कमरे में पहुंच गए, जहां बुजुर्ग दंपत्ति सो रहे थे। पीड़ित महिला ने बताया कि अलमारी का लॉक तोड़े जाने की आवाज सुनकर वह जाग गई और कमरे में पहुंची तो नकाबपोश बदमाशों ने उसे धमकाते हुए कहा, “अम्मा चुप हो जाओ, नहीं तो मार देंगे।” महिला के अनुसार बदमाशों ने उसके पहने हुए सोने के जेवर भी खुद अपने हाथों से उतरवाए। हालांकि बदमाशों ने दंपत्ति के साथ मारपीट नहीं की, लेकिन लगातार धमकाते रहे कि आवाज की तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। चोर घर से करीब डेढ़ तोले की सोने की चेन, एक-एक तोले की तीन सोने की अंगूठियां, लगभग 5 ग्राम के सोने के टॉप्स और करीब 50 हजार रुपए नगद सहित करीब 5 लाख रुपए का सामान समेट ले गए। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश घर से करीब 100 मीटर दूर जाकर कपड़े बदलते भी देखे गए। इसके बाद आरोपी दीवार फांदकर फरार हो गए। घटना के बाद बदहवास दंपत्ति ने मकान मालिक और परिजनों को सूचना दी। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है, ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। रिहायशी कॉलोनी में देर रात हुई इस बड़ी चोरी की वारदात के बाद क्षेत्र के लोगों में भय का माहौल है। स्थानीय लोगों ने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।