- बाजार नियामक ने सम्मेलनों और गैर-जरूरी यात्रा से बचने को भी कहा नई दिल्ली (ईएमएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बचत की अपील के बाद बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) ने ऊर्जा संरक्षण और मौजूदा भू-राजनीतिक हालात के मद्देनजर बड़ा कदम उठाया है। सेबी ने अपने कर्मचारियों को अगले आठ हफ्तों के लिए हफ्ते में एक दिन घर से काम करने की सलाह दी है। यह कदम 25 मई से प्रभावी होगा। सेबी ने अपनी प्रशासनिक सलाह में कहा है कि ग्रेड ए से सी तक के अधिकारियों को रोटेशन के आधार पर यह सुविधा मिलेगी, जबकि ग्रेड डी और उससे ऊपर के अधिकारी, चेयरमैन/पूर्णकालिक सदस्यों के कार्यालयों में तैनात कर्मचारी तथा सेक्रेटेरियल कैडर के सभी कर्मचारी नियमित रूप से कार्यालय आएंगे। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि किसी भी समय ग्रेड ए से सी तक के कम से कम 50 प्रतिशत अधिकारी कार्यालय में मौजूद रहें। ऊर्जा बचाने के अन्य उपायों के तहत, सेबी ने विभागों को अगले आठ हफ्तों के लिए सम्मेलनों और विचार-मंथन कार्यक्रमों को टालने तथा गैर-जरूरी यात्रा से बचने का निर्देश दिया है। कर्मचारियों को सार्वजनिक परिवहन, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों के उपयोग को प्रोत्साहित किया गया है, साथ ही हितधारकों के साथ वर्चुअल बैठकें करने की सलाह दी गई है। घर से काम करने वाले कर्मचारियों के लिए एक मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) भी जारी की गई है, जिसकी आठ हफ्ते बाद समीक्षा की जाएगी। सतीश मोरे/23मई ---