नई दिल्ली (ईएमएस)। दिल्ली पुलिस ने मोहाली से 2 ठग गिरफ्तार किए। इन्होंने फर्जी महिला प्रोफाइल बना खुद को आध्यात्मिक गुरु बताया और तंत्र-मंत्र व पूजा के नाम पर 2.51 लाख रुपये ठगे। दिल्ली पुलिस की साइबर थाना टीम ने सोशल मीडिया के जरिए लोगों को पूजा-पाठ और तंत्र विद्या के नाम पर ठगने वाले दो शातिर आरोपियों को पंजाब के मोहाली से गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी महिला प्रोफाइल बनाकर लोगों को अपने जाल में फंसाते थे और फिर उनकी निजी परेशानियों का फायदा उठाकर लाखों रुपये ऐंठ लेते थे। दिल्ली पुलिस के मुताबिक इस मामले में शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ लोगों ने खुद को आध्यात्मिक गुरु बताकर उसकी निजी समस्याएं दूर करने का झांसा दिया। आरोपियों ने पूजा, विशेष अनुष्ठान और तांत्रिक उपाय कराने के नाम पर उससे अलग-अलग किश्तों में कुल 2 लाख 51 हजार रुपये ठग लिए। जांच में सामने आया कि आरोपी आल प्रोबल्म शलूसन नाम से पूरा ऑनलाइन फ्रॉड रैकेट चला रहे थे। ये लोग इंस्टाग्राम और फेसबुक पर जायनब खान ,मुस्कान खान ,जारा खान ,कविता चौधरी जैसे नामों से फर्जी महिला प्रोफाइल बनाते थे। अजीत झा/देवेन्द्र/नई दिल्ली/ईएमएस/23/ मई/2026