23-May-2026
...


- सभी समाजों की धर्मशालाओं और मंदिरों के लिए परिवार ने दान की सवा लाख रूपये की धनराशि - अरुण-सचिन यादव ने दी भावभीनी श्रद्धांजलि खरगोन (ईएमएस)। पूर्व उपमुख्यमंत्री स्व. सुभाष यादव जी के चचेरे भाई एवं पूर्व केंद्रीय कृषि राज्यमंत्री अरुण यादव तथा मप्र के पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव के काकाजी स्व. कृष्णलाल पटेल की पगड़ी रस्म आज बोरावां निवास पर श्रद्धा और सम्मान के साथ संपन्न हुई। 12 मई को 72 वर्ष की आयु में उनका निधन हो गया था। इस अवसर पर सभी ने स्व. कृष्णलाल पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की । अरूण यादव सचिन यादव के काकाजी राजेन्द्र यादव ने भी अपने चचेरे भाई कृष्णलाल पटेल को भावांजलि अर्पित की । अरुण यादव बोले - पद उनके लिए सेवा का माध्यम था पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव ने श्रद्धांजलि देते हुए कहा, आज मैं नेता की हैसियत से नहीं, एक भतीजे के रूप में अपने काकाजी को अंतिम प्रणाम करने खड़ा हूं। वर्षों तक बोरावां के सरपंच रहकर उन्होंने गांव की हर गली, हर खेत, हर परिवार का दुख-दर्द अपना माना। कसरावद जनपद सदस्य रहे, सहकारी समिति में रहे, लेकिन पद उनके लिए सेवा का माध्यम था, अहंकार का नहीं। उन्होंने याद किया कि जब भी बाबूजी, मैं या सचिन चुनाव लड़ते थे, काकाजी सबसे पहले खेत का काम छोड़कर प्रचार में जुट जाते थे। कहते थे - बेटा, राजनीति कुर्सी के लिए नहीं, जनता के आंसू पोंछने के लिए होती है। सचिन यादव ने कहा - परिश्रम की राजनीति सिखाई पूर्व कृषि मंत्री सचिन यादव ने रुंधे कंठ से कहा, काकाजी मेरे लिए सिर्फ बुजुर्ग नहीं थे। वे हमारे परिवार और इस क्षेत्र के आधार स्तम्भ थे । वो जमीन से जुड़े आदमी थे। सचिन यादव ने बताया कि सहकारी समिति के सदस्य के रूप में उन्होंने सैकड़ों किसानों को कर्ज से, साहूकारों से बचाया। जनपद में रहते हुए भी उनका ध्यान हमेशा छोटे किसान, मजदूर और गरीबों पर रहा। हमारे चुनाव में वो पूरे एक माह तक अपनी गाड़ी में बोरिया-बिस्तर लेकर विधानसभा क्षेत्र में निकल पड़ते थे। समाजों के लिए दान की घोषणा परिवार की ओर से अरुण यादव ने बोरावां यादव समाज के लिए 1000 वर्गफीट भूमि एवं 21 हजार रुपये धर्मशाला के लिए दान की घोषणा की। इसके अलावा धरमपुरी यादव समाज, बोरावां भारूड़ समाज, अनुसूचित जाति समाज, कहार वर्मा समाज, गायत्री मंदिर शक्तिपीठ, बोरावां पिपलई आदिवासी समाज एवं बामखल सायर बाबा मंदिर के लिए 11-11 हजार रुपये की राशि दान की गई। परिवार ने कुल सवा लाख रूपये की राशि सामाजिक सरोकार के लिए दान की । इस अवसर पर नरेन्द्र पटेल, रामप्रकाश यादव भिण्ड, भूपेन्द्र यादव, चेतन यादव, सचिन यादव उज्जैन, अनिल पटेल, कैलाश सिंह दरबार, राजेन्द्र सिंह यादव , राजेश बागदरे कसरावद आदि ने भी श्रद्धांजलि एवं प्रार्थना सभा में अपनी भावांजलि अर्पित की । .../ 23 मई /2026