खेल
23-May-2026
...


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर ने आईपीएल 2026 के प्लेऑफ और फाइनल को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। जाफर का मानना है कि पंजाब किंग्स शानदार वापसी करते हुए न केवल प्लेऑफ में जगह बनाएगी, बल्कि फाइनल तक का सफर भी तय करेगी। उन्होंने कहा कि पंजाब की टीम में दम है और आने वाले मुकाबलों में वह बेहतर प्रदर्शन करते हुए अपनी स्थिति मजबूत करेगी। गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच मुकाबले के बाद एक पोस्ट मैच शो में बातचीत करते हुए जाफर ने कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस अंक तालिका में शीर्ष दो स्थान पर रहेंगी। उनके मुताबिक पहला क्वालीफायर इन्हीं दोनों टीमों के बीच खेला जाएगा। उन्होंने कहा कि रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर जैसी मजबूत टीम का बड़े अंतर से हारना मुश्किल दिखाई देता है और इस कारण उसके टॉप-2 में बने रहने की संभावना अधिक है। जाफर ने आगे कहा कि सनराइजर्स हैदराबाद के लिए किसी मजबूत टीम को बड़े अंतर से हराना आसान नहीं होगा। इसी वजह से उन्हें लगता है कि क्वालीफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और गुजरात टाइटंस का आमना-सामना तय है। जब उनसे फाइनल को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने एक बार फिर पंजाब किंग्स का समर्थन किया। जाफर ने कहा कि वह लंबे समय से पंजाब किंग्स को बैक कर रहे हैं और उन्हें भरोसा है कि टीम वापसी करेगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राजस्थान रॉयल्स अपना अगला मुकाबला मुंबई इंडियंस से हार जाएगी, जबकि पंजाब किंग्स लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ जीत दर्ज कर प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। मौजूदा अंक तालिका पर नजर डालें तो पंजाब किंग्स के 13 मैचों में 13 अंक हैं। टीम ने 6 मुकाबले जीते हैं, जबकि 6 में हार का सामना किया है और एक मैच रद्द रहा। दूसरी ओर राजस्थान रॉयल्स के 14 अंक हैं और यदि वह मुंबई इंडियंस के खिलाफ जीत हासिल कर लेती है तो सीधे प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। ऐसे में पंजाब की उम्मीदें अपने प्रदर्शन के साथ-साथ राजस्थान की हार पर भी टिकी हुई हैं। डेविड/ईएमएस 23 जून 2026