पेट्रोल-डीजल दाम बढ़ने पर कांग्रेस अध्यक्ष खड़गे ने केंद्र को घेरा नई दिल्ली,(ईएमएस)। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी की गई है। बीते 10 दिनों में तीसरी बार है जब पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए गए हैं। पेट्रोल की कीमतों में 87 पैसे प्रति लीटर का इजाफा किया गया है, वहीं डीजल में 91 पैसे प्रति लीटर बढ़ाए गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार में असली संकट नेतृत्व का है और यह बात अब सभी देशवासी समझ चुके हैं। खड़गे ने एक्स पर पोस्ट में कहा कि पेट्रोल अब हुआ 100 रुपए पार, अबकी बार…जनता की कमाई पर किश्तों में लूटमार। पेट्रोल-डीजल पर रोजाना 1000 रुपए करोड़ का केंद्रीय कर लगाकर बीजेपी का पेट नहीं भरा। अंतरराष्ट्रीय दाम जब कम थे तब जनता को फायदा नहीं पहुंचाया, उन्हें जमकर लूटा। उन्होंने पीएम मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जब संकट आया तो, चुनाव में जुट गए और चुनाव बाद त्याग का उपदेश दिया, फिर 8 दिनों में 3 बार पेट्रोल-डीज़ल के दाम बढ़ाए। हमें बताया गया कि विदेशों के मुकाबले भारत में दाम सबसे कम हैं। पश्चिम एशिया में जंग शुरू होने के बाद जब मोदी हम भारतीयों को सब ठीक है की घुट्टी पिला रहे थे तब बाकि देश अपनी-अपनी जनता को राहत पहुंचा रहे थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक खड़गे ने दावा किया कि इटली ने ईंधन पर एक्साइज कटौती की, जिससे उनकी जनता को राहत मिली। ऑस्ट्रेलिया ने उत्पाद शुल्क में कटौती की, जिससे नागरिकों के लिए पेट्रोल की कीमतें करीब 17 रुपए प्रति लीटर कम हुई। जर्मनी ने तेल पर कर कम किया, जिससे ईंधन की कीमतें 17–19 रुपए प्रति लीटर कम हो गईं। उन्होंने सवाल किया कि पीएम मोदी बताइए, इस लूट की किश्त किस-किस को जा रही है? आप इतने कंप्रोमाइज्ड क्यों हैं? उन्होंने दावा किया कि इस सरकार में नेतृत्व का संकट असली है, 140 करोड़ भारतीय अब ये समझ गए हैं। सिराज/ईएमएस 23मई26