क्षेत्रीय
23-May-2026
...


- डीएम-एसपी ने फावड़ा चलाकर किया शुभारंभ फतेहपुर (ईएमएस)। जनपद में जल संरक्षण और भूजल स्तर सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए निधि गुप्ता वत्स के नेतृत्व में ‘मिशन 300’ अभियान की शुरुआत की गई। अभियान के तहत जनपद के 300 तालाबों को पुनर्जीवित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान का शुभारंभ ऐरायां ब्लॉक के सेमौरी गांव में जिलाधिकारी निधी गुप्ता वत्स एवं पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक द्वारा स्वयं फावड़ा चलाकर तालाब खुदाई शुरू कर किया गया। जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य केवल तालाबों की सफाई या खुदाई तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देकर भूजल स्तर में सुधार करना और भविष्य की पीढ़ियों के लिए जल स्रोतों को सुरक्षित करना भी है। लगातार घटते भूजल स्तर और विलुप्त होते तालाबों को बचाने के लिए प्रशासन ने इसे जनभागीदारी से जोड़ने का भी प्रयास शुरू किया है। अभियान के प्रथम चरण में जनपद के प्रत्येक ब्लॉक में लगभग 25 तालाबों को चिन्हित कर कुल 300 तालाबों को पुनर्जीवित करने की योजना बनाई गई है। इन तालाबों को कब्जामुक्त कराने, सीमांकन कराने और नए स्वरूप में विकसित करने का कार्य किया जाएगा। साथ ही श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से योजना के अंतर्गत मजदूरों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। जिलाधिकारी निधि गुप्ता वत्स ने बताया कि जनपद फतेहपुर में शुरू किए गए ‘मिशन 300’ के तहत प्रत्येक ब्लॉक में करीब 25 तालाबों को चिन्हित कर उन्हें कब्जामुक्त कराया जाएगा और जल संचयन के लिए उपयोगी बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री की मंशा ग्राम समाज की भूमि को कब्जामुक्त कर उसका उपयोग जनहित और पर्यावरण संरक्षण के कार्यों में करने की है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन के इस दौर में जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक हो गया है। पौराणिक काल से तालाब जल संचयन का प्रमुख माध्यम रहे हैं और यह अभियान जल संरक्षण की दिशा में अहम भूमिका निभाएगा। प्रशासन का प्रयास है कि बारिश से पहले प्रत्येक ब्लॉक में चिन्हित तालाबों का सीमांकन और खुदाई कार्य पूरा कर लिया जाए, जिससे वर्षा जल का अधिकतम संचयन सुनिश्चित किया जा सके। शीबू खान/ ईएमएस 23 मई, 2026