नई दिल्ली (ईएमएस)। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने पश्चिम बंगाल की स्वास्थ्य सेवाओं और केंद्र सरकार की योजनाओं को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। इस बैठक में पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी भी शामिल हुए। बैठक में आयुष्मान भारत योजना, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन और राज्य में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक के दौरान केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री ने पश्चिम बंगाल में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना को जल्द लागू करने पर जोर दिया। केंद्र सरकार का कहना है कि योजना लागू होने के बाद राज्य के करीब 1 करोड़ 45 लाख परिवारों को स्वास्थ्य बीमा का लाभ मिल सकेगा। इसके लिए जल्द एमओयू साइन करने पर भी चर्चा हुई। समीक्षा बैठक में टीबी मुक्त भारत अभियान, मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी, टीकाकरण और स्वास्थ्य सेवाओं के डिजिटलीकरण जैसे मुद्दों पर भी बात हुई। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने राज्य को एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान शुरू करने की सलाह दी, ताकि महिलाओं में सर्वाइकल कैंसर के खतरे को कम किया जा सके। बताया गया कि केंद्र सरकार ने पश्चिम बंगाल के स्वास्थ्य क्षेत्र को मजबूत करने के लिए हजारों करोड़ रुपए की सहायता मंजूर की है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत भी राज्य को बड़ी राशि जारी की गई है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने केंद्र सरकार से स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में सहयोग जारी रखने की अपील की। सुबोध/२३ -०५-२०२६