नई दिल्ली (ईएमएस)। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भारत को अमेरिका का बेहद अहम साझेदार बताते हुए कहा है कि दोनों देशों के संबंध लगातार मजबूत हो रहे हैं और जल्द ही कई नए ऐलान किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वैश्विक राजनीति, सुरक्षा, व्यापार और तकनीक के क्षेत्र में भारत की भूमिका लगातार बढ़ रही है और अमेरिका भारत के साथ अपने रणनीतिक संबंधों को और गहरा करना चाहता है। मार्को रुबियो ने कहा कि हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता बनाए रखने, आपूर्ति श्रृंखला मजबूत करने और नई तकनीकों के विकास में भारत अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने संकेत दिए कि आने वाले समय में रक्षा सहयोग, व्यापार और निवेश से जुड़े कई महत्वपूर्ण समझौते और घोषणाएं की जा सकती हैं। अमेरिकी विदेश मंत्री ने यह भी कहा कि भारत और अमेरिका के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों और आर्थिक साझेदारी का मजबूत आधार है। दोनों देश आतंकवाद, साइबर सुरक्षा और वैश्विक चुनौतियों से निपटने में मिलकर काम कर रहे हैं। हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच रक्षा खरीद, सेमीकंडक्टर, एआई और ऊर्जा क्षेत्र में सहयोग तेजी से बढ़ा है। विशेषज्ञों का मानना है कि चीन के बढ़ते प्रभाव और वैश्विक भू-राजनीतिक परिस्थितियों के बीच अमेरिका भारत को एक महत्वपूर्ण रणनीतिक सहयोगी के रूप में देख रहा है। ऐसे में आने वाले महीनों में दोनों देशों के रिश्तों में और मजबूती देखने को मिल सकती है। सुबोध/२३ -०५-२०२६