* वाहन चालकों में मचा हड़कंप कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा नगर के प्रमुख गार्डन और चौपाटी क्षेत्र में बढ़ती भीड़ के बीच अव्यवस्थित पार्किंग बड़ी समस्या बनती जा रही है। प्रतिदिन शाम के समय आसपास के 25 से 30 ग्रामो से बड़ी संख्या में लोग गार्डन और चौपाटी पहुंचकर गुपचुप, चाट, आइसक्रीम सहित अन्य व्यंजनों का आनंद लेने आते हैं। लेकिन कुछ वाहन चालकों द्वारा गार्डन के मुख्य द्वार के सामने ही बाइक खड़ी कर दिए जाने से आम लोगों को आवाजाही में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी समस्या को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी मुद्रिका तिवारी ने गार्डन परिसर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने देखा कि कई दोपहिया वाहन गार्डन के मुख्य प्रवेश द्वार के सामने खड़े किए गए थे, जिससे आने-जाने का रास्ता बाधित हो रहा था। स्थिति को देखते हुए नगर पालिका प्रशासन ने तत्काल पुलिस थाना कटघोरा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एसआई राजेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और गेट के सामने खड़े सभी वाहनों को हटवाया। साथ ही वाहन चालकों को कड़ी समझाइश देते हुए चेतावनी दी गई कि भविष्य में गार्डन के मुख्य द्वार के सामने वाहन खड़े पाए जाने पर सख्त कार्यवाही की जाएगी। अचानक हुई इस कार्यवाही से मौके पर मौजूद लोगों और वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई। नगर पालिका प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि सार्वजनिक स्थलों पर यातायात और व्यवस्था बाधित करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान जारी रहेगा। 25 मई / मित्तल