राज्य
25-May-2026
...


कोरबा (ईएमएस) देवर्षि नारद जयंती समिति, जिला कोरबा द्वारा विवेकानंद सेवा सदन, बुधवारी बायपास रोड, कोरबा में “नारद जयंती 2026” एवं पत्रकारिता सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में “डिजिटल माध्यम और सांस्कृतिक दासता, भारतीय परिप्रेक्ष्य में सोशल मीडिया की भूमिका” विषय पर संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि कुसमुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक संचालन अरविंद कुमार राय रहे। उन्होंने अपने संबोधन में पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि समाज को सही दिशा देने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को लोकतंत्र की मजबूती का आधार बताया। मुख्य वक्ता के रूप में भारत एक्सप्रेस नेशनल न्यूज़ चैनल की रायपुर स्थानीय संपादक श्रीमती प्रियंका कौशल उपस्थित रहीं। उन्होंने पत्रकारिता के जनक देवर्षि नारद के क्रिया-कलापों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता में गतिशीलता, विश्वसनीयता और लोकमंगल की भावना सबसे महत्वपूर्ण है। साथ ही पत्रकारों को साहस और निडरता के साथ कार्य करने की प्रेरणा दी। श्रीमती कौशल ने “न्यूज विदाउट व्यू” की अवधारणा पर अपने विचार रखते हुए कहा कि पत्रकारिता का उद्देश्य तथ्यों को निष्पक्ष रूप से समाज के सामने प्रस्तुत करना होना चाहिए। उस पूरे कार्यक्रम को राजकुमार ठाकुर ने संबोधित किया। इस अवसर पर जिले के तीन वरिष्ठ पत्रकारों को उनके पत्रकारिता क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। आयोजकों ने कहा कि नारद जयंती का उद्देश्य पत्रकारिता के मूल्यों को सशक्त करना एवं समाज में सकारात्मक संवाद को बढ़ावा देना है। 25 मई / मित्तल