राज्य
25-May-2026


- तीन बचाए गए, एक अब तक लापता - बैकवाटर क्षेत्र में अचानक पानी का स्तर बढ़ने से हादसा कारवार (ईएमएस)। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के भटकल तालुक स्थित अल्वेकोडी बीच के बैकवाटर क्षेत्र में बड़ा हादसा हो गया। सीपियां (क्लैम) एकत्र करने गए एक ही परिवार के 10 लोगों की तेज जलधारा में बह जाने से मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति अब भी लापता है। तीन अन्य लोगों को सुरक्षित निकालकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दर्दनाक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। पुलिस के अनुसार, शिराली गांव के एक विस्तारित परिवार के 14 सदस्य रविवार सुबह करीब 10 बजे बैकवाटर क्षेत्र में सीपियां इकट्ठा करने गए थे। यह स्थानीय लोगों की पारंपरिक और मौसमी गतिविधि मानी जाती है, जिसे कम ज्वार के दौरान किया जाता है। बताया जाता है कि परिवार के सदस्य पानी के भीतर काफी आगे तक चले गए थे। दोपहर करीब दो बजे अचानक जलधारा का प्रवाह तेज हो गया। पहले कुछ महिलाएं गहरे पानी में बहने लगीं। उन्हें बचाने के लिए परिवार के अन्य सदस्य भी पानी में उतर गए, लेकिन वे भी तेज बहाव की चपेट में आ गए। पुलिस ने बताया कि कई लोगों को तैरना नहीं आता था, जिसके कारण स्थिति और गंभीर हो गई। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रात हुई भारी बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ गया था। वहीं समुद्र में ऊंची लहरों और खराब मौसम के कारण बैकवाटर क्षेत्र में अचानक पानी का स्तर बढ़ गया। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, परिवार को दोपहर में ऊंचे ज्वार की संभावना के बारे में पहले ही चेतावनी दी गई थी। घटना के बाद पुलिस, बचाव दल और स्थानीय लोगों ने राहत एवं खोज अभियान शुरू किया। देर शाम तक 10 शव बरामद कर लिए गए, जबकि एक व्यक्ति की तलाश जारी है। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने हादसे पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है और दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की है। यह हादसा राज्य के हाल के वर्षों की सबसे दुखद जल दुर्घटनाओं में से एक माना जा रहा है। रामयश/ईएमएस 25 मई 2026