अंतर्राष्ट्रीय
25-May-2026
...


-टाइम ट्रैवलर ने बताई 2050 की दुनिया!, वीडियो कर रहा लोगों को परेशान लंदन,(ईएमएस)। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक रहस्यमयी वीडियो वायरल हो रहा है। इस वीडियो में एक व्यक्ति खुद को टाइम ट्रैवलर बता रहा है। उसका दावा है कि वह साल 2050 से आया है और उसने तीसरे विश्व युद्ध के बाद की तबाही की दुनिया देखी है। वीडियो में वह दुनिया की ऐसी तस्वीर दिखा रहा है, जिसे देखकर लोग हैरान हैं और डरे हुए भी हैं। यह वीडियो टिकटॉक अकाउंट से शेयर किया गया है। इस अकाउंट पर पहले भी कई रहस्यमयी और एआई से बने वीडियो पोस्ट किए जा चुके हैं, लेकिन इस बार शेयर किए गए वीडियो ने लोगों का ध्यान खींचा है। वीडियो में दावा किया गया है कि भविष्य में दुनिया पूरी तरह बदल चुकी है और बड़े-बड़े शहर वीरान हो गए हैं। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक वीडियो की शुरुआत पेरिस के मशहूर एफिल टॉवर से होती है। टाइम ट्रैवलर होने का दावा करने वाला शख्स कहता है कि वह साल 2050 में पेरिस में है। वह कैमरे में एक जंग लगा हुआ एफिल टॉवर दिखाता है। आसपास कोई इंसान दिखाई नहीं देता। सड़कें खाली हैं और जगह-जगह टूट-फूट नजर आ रही है। वीडियो में वह कहता है- कुछ बहुत बड़ा हुआ है। यहां अब कोई नहीं है। इसके बाद वह नोट्रे डेम कैथेड्रल दिखाता है, जो बेहद पुराना और टूटा हुआ दिखाई देता है। वीडियो में कहा गया है कि इमारतों पर बेलें उग चुकी हैं और पूरा शहर सुनसान हो गया है। सड़कों पर घास उगी हुई दिखाई दे रही है, जैसे कई सालों से वहां कोई इंसान न आया हो। एक जगह वह जमीन पर पड़ा रेड बुल का खाली कैन उठाता है और दिखाता है कि दुनिया अब पूरी तरह उजड़ चुकी है। वीडियो का माहौल डरावना बनाने के लिए उसमें धीमा और भयावह संगीत भी जोड़ा है। इसके बाद वीडियो रूस के एक सैन्य एयरबेस की तरफ जाता है। यहां टूटे हुए और गोलियों के निशान वाले विमान दिखाई देते हैं। टाइम ट्रैवलर शख्स दावा करता है कि तीसरे विश्व युद्ध के बाद यह एयरबेस पूरी तरह नष्ट हो गया। कई विमानों पर जंग लगी हुई दिखाई देती है और आसपास कोई गतिविधि नजर नहीं आती। वीडियो में एक बड़ा जहाज भी दिखाया जाता है, जो रेगिस्तान के बीच फंसा नजर आता है। वहां पानी नहीं है और चारों तरफ सिर्फ सूखी जमीन दिखाई दे रही है। वीडियो में आवाज आती है- दुनिया खाली हो चुकी है, सिर्फ हवा बची है। हालांकि कई लोग इस वीडियो को सिर्फ एआई तकनीक और एडिटिंग का कमाल बता रहे हैं। सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स का कहना है कि यह केवल मनोरंजन और लोगों का ध्यान खींचने के लिए है, क्योंकि वीडियो में दिखाई गई कई चीजें एआई से बनी हुई लगती हैं। फिर भी यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है और लाखों लोग इसे देख चुके हैं। कुछ लोग इसे मजेदार मान रहे हैं, जबकि कुछ लोग भविष्य को लेकर चिंता जता रहे हैं। यह वीडियो ऐसे समय वायरल हुआ है जब दुनिया में कई जगह तनाव बढ़ रहा है। सिराज/ईएमएस 25 मई 2026