राष्ट्रीय
25-May-2026


कोलकाता(ईएमएस)। पश्चिम बंगाल की फलता विधानसभा सीट पर हुए चुनाव के नतीजों के बाद राज्य में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस चुनाव में भाजपा के उम्मीदवार देबांग्शु पांडा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी माकपा के शंभु नाथ कुर्मी को 1,09,021 वोटों के भारी अंतर से हराकर एक बड़ी जीत दर्ज की है। वहीं इस मुकाबले में कांग्रेस के अब्दुर रज्जाक मुल्ला मात्र 10 हजार वोटों के साथ तीसरे स्थान पर रहे, जबकि सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के प्रत्याशी जहांगीर खान चौथे नंबर पर खिसक गए। फलता सीट पर मिली इस करारी हार के बाद टीएमसी और भाजपा के शीर्ष नेता आमने-सामने आ गए हैं और दोनों दलों के बीच तीखी बयानबाजी शुरू हो गई है। इस अप्रत्याशित परिणाम के बाद डायमंड हार्बर सीट से टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए निष्पक्षता पर आरोप लगाया है। उन्होंने मतों की गिनती में विसंगतियों का दावा करते हुए कहा कि पूर्व में जहां दोपहर तीन बजे तक केवल 2 से 4 राउंड की मतगणना हो पाती थी, वहीं इस बार इसी समय तक 21 राउंड की गिनती पूरी कर ली गई, जो संदेह पैदा करती है। अभिषेक बनर्जी ने आरोप लगाया कि फलता में टीएमसी के एक हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को डरा-धमकाकर भगा दिया गया और पार्टी कार्यालयों पर खुलेआम हमले किए गए, लेकिन चुनाव आयोग मूकदर्शक बना रहा। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा को छोड़कर अन्य सभी दलों के पोलिंग एजेंटों को केंद्रों से बाहर निकाल दिया गया, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था और निष्पक्ष चुनाव पर एक बड़ा हमला है। गौरतलब है कि इससे पहले इस सीट पर मतदान के दौरान ईवीएम पर इत्र छिड़कने, चुनाव चिह्न ढकने और बूथ कैप्चरिंग जैसी कथित गड़बड़ियों की शिकायतें आई थीं, जिसके बाद चुनाव आयोग ने 29 अप्रैल को यहां दोबारा मतदान (रीपोलिंग) का आदेश दिया था। दोबारा हुए मतदान में 86 फीसदी रिकॉर्ड वोटिंग हुई थी, लेकिन टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान ने पहले ही मैदान छोड़ दिया था। टीएमसी के इन आरोपों पर तीखा पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि राज्य में लगभग 15 वर्षों के लंबे अंतराल के बाद जनता को बिना किसी डर के स्वतंत्र रूप से वोट डालने की आजादी मिली है, जिससे सच सबके सामने आ गया है। उन्होंने टीएमसी पर निशाना साधते हुए कहा कि यह पार्टी अब एक माफिया कंपनी में तब्दील हो चुकी है, जिसने सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर जनता के पैसों की जमकर लूट मचाई। शुभेंदु अधिकारी ने तंज कसते हुए कहा कि जिस डायमंड हार्बर मॉडल की बात टीएमसी करती थी, वही मॉडल अब फलता में उनकी ऐतिहासिक हार का मुख्य कारण बन गया है। वीरेंद्र/ईएमएस/25मई 2026