राष्ट्रीय
25-May-2026


अमीरों का करता था शिकार, कहानी पूरी फिल्मी देहरादून(ईएमएस)। उत्तराखंड एसटीएफ और गोवा पुलिस ने एक संयुक्त कार्रवाई में सेक्सटॉर्शन रैकेट के मास्टरमाइंड सलमान खान को देहरादून के नेहरू कॉलोनी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया है। देहरादून के माजरा का निवासी सलमान पिछले तीन साल से फरार चल रहा था। गोवा के मापुसा थाना क्षेत्र में उसके खिलाफ सेक्सटॉर्शन का मुकदमा दर्ज है। इस मामले में पुलिस जल्द ही कुछ अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर सकती है। एसटीएफ के अनुसार, सलमान ने सहारनपुर, दिल्ली और हरिद्वार के अपने कई साथियों के साथ मिलकर एक संगठित सेक्सटॉर्शन गैंग बनाया था। इस गैंग के काम करने का तरीका पूरी तरह फिल्मी था। गैंग के सदस्य सबसे पहले सोशल मीडिया के जरिए बड़े और अमीर कारोबारियों से संपर्क साधते थे। इसके बाद गैंग की महिला सदस्य जाल बिछाकर कारोबारियों को मिलने के बहाने गोवा के किसी होटल या किराये के विला में बुलाती थीं। योजनाबद्ध तरीके से उस होटल या विला के कमरों में पहले से ही खुफिया कैमरे लगा दिए जाते थे। जब पीड़ित महिला साथी के साथ होता, तभी सलमान अपने साथियों के साथ वहां पहुंच जाता था। आरोपी दिल्ली नारकोटिक्स ब्यूरो के फर्जी पहचान पत्र दिखाकर कमरे में छापा मारते थे और कारोबारी को बंधक बनाकर उसके साथ मारपीट करते थे। इसके बाद अश्लील वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने और मुकदमे में फंसाने की धमकी देकर मोटी रकम वसूली जाती थी। इस गैंग ने मुंबई के एक बड़े कारोबारी को भी इसी तरह गोवा के एक विला में बुलाकर बंधक बनाया था और फर्जी अधिकारी बनकर करोड़ों रुपये ऐंठ लिए थे। पुलिस इस मामले में पूर्व में भी दो आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य सरगना सलमान खान की गिरफ्तारी के बाद उसे अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए गोवा पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। एसटीएफ की पूछताछ में गैंग के कई अन्य सहयोगियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनकी तलाश जारी है। वीरेंद्र/ईएमएस/25मई 2026