आरा, (ईएमएस)। बिहार के आरा में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बिहार पुलिस की स्पेशल ब्रांच में तैनात एएसआई राजीव रंजन सिंह उर्फ गोल्डी सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा तपेश्वर सिंह हिंदू महिला कॉलेज के पास उस समय हुआ, जब वे ड्यूटी के लिए पटना जा रहे थे। तेज रफ्तार स्कूल बस ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे घटनास्थल पर ही उनकी जान चली गई। मृतक 43 वर्षीय राजीव रंजन सिंह भोजपुर जिले के अयर थाना क्षेत्र के बालिगांव गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि वे रोज की तरह सोमवार सुबह अपने गांव से पटना ड्यूटी के लिए निकले थे। इसी दौरान कॉलेज के समीप एक तेज रफ्तार स्कूल बस ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही वे सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर चोटों के कारण मौके पर ही दम तोड़ दिया। दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे में शामिल बस माउंट लिट्रा स्कूल की बताई जा रही है। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार होने की कोशिश करने लगा, लेकिन लोगों के आक्रोश को देखते हुए पुलिस ने तत्काल बस को जब्त कर लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह पता लगाया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार, चालक की लापरवाही या किसी तकनीकी खराबी के कारण हुआ। इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। लोगों का कहना है कि स्कूल बस चालकों को बच्चों और आम लोगों की सुरक्षा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी दी जाती है, लेकिन यदि वही यातायात नियमों की अनदेखी करेंगे तो सड़क सुरक्षा कैसे सुनिश्चित होगी। लोगों ने प्रशासन से स्कूल वाहनों की नियमित जांच, फिटनेस टेस्ट और लापरवाह चालकों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, हादसे की खबर मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। राजीव रंजन सिंह अपने शांत स्वभाव और कर्तव्यनिष्ठा के लिए इलाके में काफी सम्मानित माने जाते थे। उनके निधन से पुलिस विभाग में भी शोक की लहर दौड़ गई है। संतोष झा- २५ मई/२०२६/ईएमएस