- समाज को संगठित और मजबूत बनाने का लिया संकल्प बिलासपुर (ईएमएस)। जिला मराठा समाज बिलासपुर द्वारा आयोजित नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को उत्साह और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में समाज के वरिष्ठ पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, महिला शक्ति और युवा मराठा सेना की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर विधायक अमर अग्रवाल रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रदेश अध्यक्ष राघोबा महाडिक सहित समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम में रघुपति पार्षद, श्याम साहू, लक्ष्मी नारायण कश्यप, महासचिव महेंद्र जाधव, आशीष शिंदे, रायपुर जिलाध्यक्ष विनोद मांडरे, राजिम जिलाध्यक्ष लोकेश पवार और ललित महाडिक सहित प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। तुलजा भवानी और छत्रपति शिवाजी महाराज के पूजन से हुई शुरुआत कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत के साथ हुई। समाज की युवतियों ने अतिथियों का बैच लगाकर एवं तिलक कर स्वागत किया। इसके बाद माता तुलजा भवानी, राजमाता जीजाऊ और छत्रपति शिवाजी महाराज की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली जिम्मेदारी की शपथ शपथ ग्रहण समारोह में मुख्य अतिथि विधायक अमर अग्रवाल ने नव निर्वाचित पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। इसमें अध्यक्ष पद के लिए शशांक चौहान, कार्यकारिणी पद के लिए यश पवार, सचिव जीवन भोसले, कोषाध्यक्ष भगवंत शिंदे और उपाध्यक्ष राजूराव मराठा ने शपथ लेकर समाज के विकास और संगठन को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। समाज सेवियों का हुआ सम्मान समारोह के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी राघवेंद्र भोसले एवं सहायक निर्वाचन अधिकारियों को सफल एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। साथ ही मराठा मातृशक्ति, प्रदेश पदाधिकारियों और जिजाऊ ब्रिगेड द्वारा नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का अभिनंदन किया गया।कार्यक्रम को सफल बनाने में जिला मराठा समाज, मराठा महिला मातृशक्ति, युवा मराठा सेना एवं प्रदेश पदाधिकारियों का विशेष योगदान रहा। - 25 मई 2026