क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- उपहार बांट दिया जीवन प्रेरणा संदेश कोरबा (ईएमएस)। कोरबा बालिका गृह में लोक अभियोजक राजेंद्र साहू ने बच्चों के साथ जन्मदिवस मना उन्हें उपहार दे शिक्षा व उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया। कोरबा में मानवता और सेवा की एक प्रेरणादायक झलक उस समय देखने को मिली, जब लोक अभियोजक राजेंद्र साहू ने अपना जन्मदिवस बालिका गृह, कोरबा में रह रही बालिकाओं के साथ मनाया। यह आयोजन केवल एक जन्मदिवस समारोह नहीं था, बल्कि बच्चों के जीवन में खुशियों और उम्मीदों का एक सुंदर संदेश बन गया। सुबह लगभग 9:30 बजे आयोजित इस कार्यक्रम में माहौल बेहद भावुक और आत्मीय रहा। बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और उत्साह साफ दिखाई दे रहा था, जब उन्होंने अपने बीच आए अतिथि का गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर बालिकाओं को स्कूल बैग, पेन और चॉकलेट वितरित किए गए, जिससे उनके चेहरे खिल उठे। यह छोटा सा प्रयास उनके लिए न केवल उपहार था, बल्कि एक बड़ा मनोबल और प्रोत्साहन भी साबित हुआ। राजेंद्र साहू एक समर्पित समाजसेवी के रूप में भी जाने जाते हैं। वे हर वर्ष अपना जन्मदिवस किसी न किसी अनाथ आश्रम या जरूरतमंद बच्चों के बीच मनाते हैं, ताकि समाज में सेवा और संवेदना का संदेश फैल सके। उनके सामाजिक योगदान को देखते हुए उन्हें कई प्रतिष्ठित सम्मान भी प्राप्त हुए हैं, जिनमें राष्ट्रीय स्तर पर ‘समाज रत्न’ सम्मान, जनजागरण संबंधी लेखों पर ‘निराला स्मृति सम्मान’ शामिल है। इसके अलावा उन्होंने अब तक 58 बार रक्तदान कर समाज के प्रति अपने कर्तव्य को निभाया है, जिसके लिए उन्हें ‘रक्तवीर सम्मान’ से भी नवाजा गया है। उनका जीवन पूरी तरह से मानव सेवा, जनसेवा और असहाय व जरूरतमंद लोगों की सहायता को समर्पित रहा है। उनके इस कार्य ने उन्हें क्षेत्र में एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया है। कार्यक्रम के दौरान राजेंद्र साहू ने बालिका गृह की बालिकाओं से आत्मीय संवाद किया। उन्होंने बच्चों को शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि मेहनत और लगन से ही जीवन में सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि हर बच्चा अपने सपनों को पूरा करने की क्षमता रखता है, बस जरूरत है निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास की। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि समाज के जिम्मेदार नागरिकों को ऐसे संस्थानों के बच्चों के साथ हमेशा खड़ा रहना चाहिए, ताकि उन्हें जीवन में आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिल सकें। इस अवसर पर साहू समाज के कई वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम में संरक्षक गिरधारी लाल साहू, जिला अध्यक्ष बाला राम साहू, तहसील अध्यक्ष पालूराम साहू और पार्षद अजय गोड सहित बालिका गृह कोरबा के पदाधिकारी उपस्थित रहे। - 25 मई