जौनपुर(ईएमएस)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में शादी के लिए फूलों से सजी कार में जा रहे दूल्हे आजाद बिंद की हाईवे पर फिल्मी अंदाज में गोलियां बरसाकर हत्या करने वाले एक लाख रुपये के इनामी बदमाश रवि यादव को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया है। यह मुठभेड़ खेतासराय थाना क्षेत्र के गोरारी इलाके के पास हुई। पुलिस की इस जवाबी कार्रवाई में खेतासराय थाने के इंस्पेक्टर के.के. सिंह भी घायल हो गए, जिनके हाथ में गोली लगी है, जबकि एक अन्य पुलिसकर्मी बुलेटप्रूफ जैकेट की वजह से बाल-बाल बच गया। हालांकि, इस सनसनीखेज हत्याकांड के दो अन्य आरोपी प्रदीप बिंद और भोले राजभर अब भी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। वारदात बीते एक मई की शाम को हुई थी, जब सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के बड़अउर गांव से दूल्हा आजाद बिंद अपनी बारात लेकर दुल्हन सोनी बिंद के घर के लिए निकला था। बारात अभी घर से करीब पांच किलोमीटर दूर हाईवे पर ही पहुंची थी कि तभी बाइक सवार बेखौफ बदमाशों ने उसकी कार को घेर लिया और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में विंडशील्ड को चीरती हुई गोलियां सीधे आजाद के सीने और जबड़े में जा धंसीं, जिससे फूलों से सजी कार खून से लाल हो गई। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दूल्हे ने दम तोड़ दिया, जिससे शादी की खुशियां पल भर में मातम में बदल गईं। इस वीभत्स हत्याकांड ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया था। पुलिस की तफ्तीश में सामने आया कि इस वारदात के पीछे शादी को लेकर पुरानी रंजिश थी। दरअसल, लड़की का एक रिश्तेदार प्रदीप बिंद इस शादी से बेहद नाराज था। उसने ही रवि यादव और भोले राजभर के साथ मिलकर इस पूरी हत्या की साजिश रची थी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें गठित कीं और तीनों पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर दिया। मुठभेड़ की रात पुलिस गोरारी इलाके में चेकिंग अभियान चला रही थी, तभी एक मोटरसाइकिल पर दो संदिग्ध आते दिखे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो वे निर्माणाधीन बाईपास की तरफ भागने लगे और पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षार्थ पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में मुख्य शूटर रवि यादव गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसका दूसरा साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। घायल बदमाश को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि बाकी बचे फरार अपराधियों को भी जल्द ही सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। वीरेंद्र/ईएमएस/25मई 2026