क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- छात्रों के भविष्य के लिए राष्ट्रपति के नाम सौपा ज्ञापन ब्यावरा (ईएमएस)l नगर में रविवार रात्री को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कैंडल मार्च निकालकर प्रदर्शन किया। यह मार्च छात्रों और युवाओं के मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट में धांधली, पेपर लीक और अन्य प्रवेश परीक्षाओं में भ्रष्टाचार के विरोध में किया गया। प्रदर्शन 12वीं सीबीएसई परिणाम में छात्रों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ भी आयोजित किया गया था। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रियव्रत सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में युवाओं ने इसमें हिस्सा लिया। पैदल मार्च इंदौर नाके स्थित गायत्री मंदिर से शुरू हुआ। छात्र और युवा अपने हाथों में मोबाइल की टॉर्च जलाए पुराना एबी रोड और मुख्य बाजार से होते हुए अंबेडकर चौराहा पहुंचे। अंबेडकर चौराहे पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया, जिसके बाद एक सभा का आयोजन किया गया। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रियव्रत सिंह ने कहा कि प्रवेश परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही गड़बड़ियों से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि छात्रों के साथ हुए अन्याय के खिलाफ कांग्रेस पूरे देश में आवाज उठा रही है। देश के युवाओं के साथ अन्याय हो रहा है। जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिल जाता, पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी रहेगी। कार्यक्रम को जिला पंचायत अध्यक्ष चंदर सिंह सोंधिया, पूर्व विधायक रामचंद्र दांगी, विजयसिंह सोंधिया, डॉ. भारत वर्मा और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता लाने और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की। सभा के समापन के बाद राष्ट्रपति के नाम एक ज्ञापन तहसीलदार आनंद जायसवाल को दिया गया। ज्ञापन में नीट प्रकरण की निष्पक्ष जांच, पेपर लीक मामलों पर सख्त कार्रवाई और प्रभावित छात्रों को न्याय दिलाने की मांग की गई है। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राहुल दांगी ने उपस्थित सभी कांग्रेसजनों, छात्रों और युवाओं का आभार व्यक्त किया। इसमौके पर महेंद्र यादव, आफताब खान, एहतेशाम सिद्दीकी, चेनसिंह गुर्जर, गोविंद गुर्जर, अमन अरोरा, हेमेंद्र चौहान, मोहन लोधी, राजकुमार जाट, रचना भार्गव, विष्णुदेव शास्त्री, जगदीश सेन सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और युवा मौजूद रहे। - ब्यावरा/25/5/2026