रायगढ़(ईएमएस)। जिले के जूटमिल थाना क्षेत्र अंतर्गत छातामुड़ा रोड पर कबाड़ और प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें बगल में स्थित हीरो बाइक शोरूम तक पहुंच गईं, जिससे वहां खड़ी करीब 43 नई और पुरानी बाइकें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कबाड़ गोदाम में रखे प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री के कारण आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। हालांकि, बड़ी मात्रा में कबाड़ और प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी कठिनाई आई। आग की तीव्रता बढ़ने पर यह पास के हीरो शोरूम तक फैल गई, जहां खड़ी दर्जनों बाइकें उसकी चपेट में आ गईं। शोरूम प्रबंधन के अनुसार, आग लगने के बाद कर्मचारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए कई नई बाइकें बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर रखीं, जिससे बड़ा नुकसान टल गया। इसके बावजूद करीब 43 बाइकें जलकर पूरी तरह नष्ट हो गईं। इसके अलावा, आग से बचाने के लिए बाहर निकाली गई 2-3 बाइकें चोरी होने की भी जानकारी सामने आई है। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई है और जांच की जा रही है। आग की चपेट में कबाड़ गोदाम में खड़ा एक माजदा वाहन और एक छोटा हाथी वाहन भी आ गया, जो पूरी तरह जलकर राख हो गए। तेज गर्मी के कारण शोरूम की दीवारों में दरारें भी आ गईं और अंदर रखा अन्य सामान भी क्षतिग्रस्त हो गया। घटना की सूचना पर दमकल विभाग की लगभग 11 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और देर रात तक आग बुझाने का अभियान चलाया गया। जिला कमांडेंट ब्लासियुज कुजूर ने बताया कि आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया है, लेकिन अंदर अभी भी सुलगने के कारण हल्का धुआं उठ रहा है। उन्होंने बताया कि प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग बार-बार भड़क रही थी, जिससे इसे पूरी तरह बुझाने में काफी समय लगा। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन पूरी तरह आग शांत होने तक निगरानी जारी है। आग लगने के कारणों का फिलहाल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस और प्रशासन द्वारा मामले की जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मई 2026