क्षेत्रीय
25-May-2026
...


इन्दौर (ईएमएस) बच्चों के सपनों को सुनना, उन्हें समझना और उनके भीतर आत्मविश्वास जगाने के उद्देश्य से बस्ती फाउंडेशन के बच्चों के साथ संस्था संकल्प सखी परिवार की सदस्याओं ने एक आत्मीय और प्रेरणादायक समय बिताया। इस दौरान बच्चों ने अपने सपनों को बड़े उत्साह से उनके साथ साझा किया। बच्चों ने जो उन्हें बताया उसके अनुसार कोई देश सेवा कर सेना में जाना चाहता है, कोई डॉक्टर बनकर लोगों की सेवा करना चाहता है, तो कोई शिक्षक बनकर शिक्षा का प्रकाश फैलाने का सपना देख रहा है। संस्था सदस्याओं ने कहा कि बच्चों के साथ बिताए गए ये पल केवल उनके लिए ही नहीं, बल्कि सभी सदस्यों के लिए भी जीवनभर की सुंदर स्मृतियां बन गए। इस दौरान संकल्प सखी के सदस्यों ने बच्चों की कहानियां सुनीं तथा रेखा अग्रवाल और साधना गोलछा ने उन्हें प्रेरणादायक कहानियाँ सुनाकर उनके मन में उम्मीद और उत्साह का संचार किया। संस्था की ओर से बच्चों को स्कूल बैग एवं नए शैक्षणिक सत्र में काम आने वाली आवश्यक सामग्री भी वितरित की गई। गर्मी को ध्यान में रखते हुए बच्चों के साथ आइसक्रीम, कोल्ड मिल्क और अन्य ठंडे पेयों का आनंद भी साझा किया गया, जिससे पूरा वातावरण खुशी और अपनत्व से भर गया। संस्था की स्वप्ना तिवारी के अनुसार संकल्प सखी परिवार ने यह संकल्प लिया है कि हर महीने समाज के किसी न किसी वर्ग तक पहुंचकर सहयोग और संवेदनाओं की यह श्रृंखला जारी रखी जाएगी। संस्था से जुड़े सभी महिला एवं पुरुष सदस्य हेमन्त देशपांडे, पंकज कासलीवाल, मनिंदर भाटिया, मनोज कुमार आदी, अपने-अपने स्तर पर अनाथालयों, वृद्धाश्रमों, शिक्षा केंद्रों और सामाजिक संस्थाओं में निरंतर सेवा कार्य करते रहते हैं।इस अवसर पर अश्मकी, वसुधा, पूजा, और रितु ने कहा कि समाज में बदलाव बड़े प्रयासों से नहीं, बल्कि छोटे-छोटे संवेदनशील कदमों से आता है। आनंद पुरोहित/ 25 मई 2026