- पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या, मासूम बेटी गंभीर लोहरदगा (ईएमएस)। लोहरदगा जिले के भंडरा थाना क्षेत्र स्थित सेंगरा टोली गांव में एक पारिवारिक विवाद ने भयावह रूप ले लिया। एक युवक ने कथित तौर पर अपने ही पिता, पत्नी और तीन वर्षीय बेटी पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। इस दर्दनाक घटना में पिता सुरेंद्र उरांव (60) और पत्नी सुजाता उरांव (27) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मासूम बेटी रियांशी गंभीर रूप से घायल हो गई। जानकारी के अनुसार आरोपी संदीप उरांव (35) ने घर में रखी कुल्हाड़ी से पहले अपने पिता पर हमला किया। इसके बाद उसने पत्नी और बेटी को भी निशाना बनाया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल होकर घर में ही गिर पड़े। चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक पिता और पत्नी दम तोड़ चुके थे। घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल बच्ची को थाना प्रभारी मनोज कुमार गुप्ता ने तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भंडरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या में इस्तेमाल कुल्हाड़ी बरामद कर आरोपी संदीप उरांव को गिरफ्तार कर लिया। बताया जा रहा है कि पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश की और छप्पर पर चढ़कर फरार होने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को घटना की वजह माना जा रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, आरोपी का व्यवहार पिछले कुछ दिनों से असामान्य था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। वहीं, दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है। - ईएमएस 25 मई 2026