राज्य
25-May-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष की कुर्सी को लेकर जारी सियासी खींचतान के बीच भाजपा विधायक अजय चंद्राकर का बड़ा बयान सामने आया है। उन्होंने दिग्गज कांग्रेस नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव को कांग्रेस छोड़ने की नसीहत दी है। अजय चंद्राकर ने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के उस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, जिसमें उन्होंने कहा था कि वे टीएस सिंहदेव के बयानों पर टिप्पणी नहीं करते। इस पर चंद्राकर ने कांग्रेस संगठन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि सरकार बनने के बाद कांग्रेस में टीएस सिंहदेव को अपमानित करने की “परंपरा” शुरू हो गई थी। चंद्राकर ने कहा कि “बाबा साहब को अपमानित किया गया” और यह अपमान की पराकाष्ठा है। उन्होंने सिंहदेव को सलाह दी कि वे कांग्रेस छोड़ दें। भाजपा विधायक ने कहा कि टीएस सिंहदेव एक सम्मानित और गौरवशाली परिवार से आते हैं, इसलिए उन्हें यह तय करना चाहिए कि वे कांग्रेस में अपमान झेलना चाहते हैं या देश और विकास की राजनीति से जुड़कर आगे बढ़ना चाहते हैं। अजय चंद्राकर ने झीरम घाटी नक्सली हमले को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई बातें सामने आएंगी और कांग्रेस द्वारा लगाए गए आरोपों की परतें खुलेंगी। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस ने इस घटना को केवल राजनीतिक सहानुभूति के रूप में इस्तेमाल किया है। पूर्व मंत्री अमरजीत भगत द्वारा खनिज संसाधनों से आदिवासियों को हिस्सा देने की मांग पर भी अजय चंद्राकर ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब यह मुद्दा क्यों नहीं उठाया गया और केंद्र सरकार को इस संबंध में कोई पत्र क्यों नहीं लिखा गया। उन्होंने कहा कि सत्ता में रहते समय आवाज नहीं उठाई जाती, लेकिन सत्ता से बाहर आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी की जाती है। - (ईएमएस)25 मई 2026