- सीबीआई और ईडी अधिकारी बनकर लूटा - अंतरराज्यीय गिरोह के 6 सदस्य गिरफ्तार - धोखाधड़ी में दिल्ली-मुंबई समेत कई शहरों से आरोपियों की गिरफ्तारी बेंगलुरु (ईएमएस)। कर्नाटक स्टेट साइबर कमांड ने एक बड़े डिजिटल अरेस्ट साइबर धोखाधड़ी रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ठगों ने खुद को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का अधिकारी बताकर शहर की 74 वर्षीय बुजुर्ग महिला लक्ष्मी राममूर्ति को अपना शिकार बनाया और उनसे करीब 24 करोड़ रुपये ऐंठ लिए। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में तमिलनाडु के एन. शिवानम, मुंबई के अक्काच मलिक, अहमदाबाद के पलक भाई पटेल और अमित नरेंद्र पटेल, नई दिल्ली के ओम प्रकाश राजपूत और बिहार के गौरव कुमार शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, यह घटना फरवरी से अप्रैल के बीच की है, जिसमें अपराधियों ने महिला को डरा-धमकाकर 26 अलग-अलग ट्रांजैक्शन के जरिए देश भर के 10 बैंकों में फैले 23 म्यूल बैंक खातों में 24 करोड़ रुपये ट्रांसफर करवा लिए। ठगों की भूख यहीं खत्म नहीं हुई और 24 अप्रैल को वे महिला से गोल्ड लोन लेकर 3 करोड़ रुपये और हड़पने की फिराक में थे। हालांकि, आईसीआईसीआई बैंक के सतर्क अधिकारियों ने समय रहते साइबर कमांड को सूचित कर दिया, जिससे पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप कर 3 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ट्रांजैक्शन रोक दिया। बेंगलुरु साइबर कमांड के पुलिस महानिदेशक पुनाब मोहंती ने बताया कि मामले की जांच के दौरान नेशनल साइबर क्राइम रिपोर्टिंग पोर्टल की मदद से कई संदिग्ध खातों को फ्रीज किया गया। पुलिस ने अब तक कुल 5.46 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बरामद कर ली है और आरोपियों के पास से छह मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं, जिनका उपयोग इस अपराध को अंजाम देने में किया गया था। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।