क्षेत्रीय
25-May-2026
...


दुर्ग(ईएमएस)। जिले के भिलाई स्थित ईदगाह चौक एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाही से बड़ा सड़क हादसा हो गया। यहां दो कारों के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जानकारी के अनुसार एक कार रॉन्ग साइड से आ रही थी, जबकि दूसरी कार सही दिशा में सामान्य गति से गुजर रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की सीधी टक्कर हो गई। हादसे की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि 19 वर्षीय युवक की कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाली में जा गिरी और पास में लगे बिजली के पोल से टकरा गई। टक्कर से बिजली पोल क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे आसपास के घरों और दुकानों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। वहीं दूसरी कार, जो महावीर टाइल्स के संचालक की बताई जा रही है, भी इस दुर्घटना में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दोनों वाहनों में सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह रॉन्ग साइड ड्राइविंग और तेज रफ्तार मानी जा रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मई 2026