धमतरी(ईएमएस)। जिले के कुरुद अनुविभाग के बिरेझर चौकी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मरौद में स्थित शीतला मंदिर में देर रात बड़ी वारदात सामने आई है। अज्ञात असामाजिक तत्वों ने मंदिर का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और माता शीतला की मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके साथ ही मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए सोने-चांदी के आभूषण, नगदी और छत्र चोरी कर ले गए। घटना के बाद आरोपियों ने खंडित मूर्ति को मंदिर परिसर से बाहर फेंक दिया, जिससे सुबह पूजा करने पहुंचे पुजारी को पूरी वारदात का पता चला। सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए। घटना को लेकर लोगों में गहरा आक्रोश देखा गया। सूचना पर बिरेझर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी और थाना प्रभारी स्तर के अधिकारी जांच में जुट गए हैं। जांच के लिए एफएसएल मोबाइल यूनिट वैन और डॉग स्क्वायड की भी मदद ली जा रही है। पुलिस ने आसपास के इलाकों में संदिग्धों से पूछताछ शुरू कर दी है और सुराग जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मई 2026