जांजगीर-चांपा (ईएमएस)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर हुए हमले के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पिता और पुत्र को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू और लोहे की रॉड भी बरामद की गई है। घटना ग्राम बछौद की है। शिकायतकर्ता सचिन तिवारी ने पुलिस को बताया कि गांव का कोटवार विकास, सचिन और उनके पिता उमेश तिवारी को घर के बाहर बातचीत के लिए बुला रहा था। मामला पुराने समझौते से जुड़ा बताया जा रहा है। इसी दौरान गांव के प्रताप सिंह गोंड और उसका बेटा मौके पर पहुंचे और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने उमेश तिवारी पर चाकू और लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। घटना की सूचना पर बलौदा थाना प्रभारी मनोहर सिन्हा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में उन्होंने वारदात को स्वीकार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। - (ईएमएस)25 मई 2026