बलरामपुर(ईएमएस)। जिले के वाड्रफनगर विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) बलंगी में स्वास्थ्य विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। अस्पताल के स्टॉक रूम में भारी मात्रा में एक्सपायर हो चुकी दवाइयां पाई गई हैं, जिन्हें लंबे समय से न तो नष्ट किया गया और न ही अलग सुरक्षित स्थान पर रखा गया। यह मामला सामने आने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं, क्योंकि इन दवाइयों के गलती से मरीजों तक पहुंचने पर बड़ा स्वास्थ्य संकट पैदा हो सकता था। जानकारी के अनुसार, जिला मुख्यालय से करीब 150 किलोमीटर दूर स्थित इस स्वास्थ्य केंद्र में एक्सपायरी दवाइयां खुलेआम स्टॉक में रखी हुई थीं। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी अस्पतालों पर भरोसा कर इलाज के लिए आने वाले मरीजों की जिंदगी के साथ इस तरह की लापरवाही सीधे तौर पर खतरे से कम नहीं है। मामले पर अस्पताल में पदस्थ डॉक्टर मुकेश यादव ने सफाई देते हुए कहा कि फार्मासिस्ट के अन्यत्र स्थानांतरण के कारण दवाइयों का निस्तारण (डिस्पोजल) समय पर नहीं हो सका। हालांकि स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने इस तर्क पर सवाल उठाए हैं और कहा है कि यह सिर्फ एक कर्मचारी की जिम्मेदारी नहीं बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की विफलता है। फिलहाल इस लापरवाही को लेकर क्षेत्र में आक्रोश है और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग उठ रही है। प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मई 2026