क्षेत्रीय
25-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। पुलिस ने आईपीएल क्रिकेट मैच और ऑनलाइन कैसीनो गेम पर सट्टा लगाने वाले एक संगठित नेटवर्क का खुलासा किया है। “उजियारा अभियान” के तहत कोतवाली पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में एक नाबालिग सहित कुल 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मौके से सट्टा संचालन में इस्तेमाल किए गए 7 स्मार्टफोन भी जब्त किए गए हैं, जिनकी कीमत लगभग 2.25 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि ज्ञानी चौक क्षेत्र के एक होटल के पास कुछ लोग मोबाइल के जरिए आईपीएल मैचों पर ऑनलाइन सट्टा खिला रहे हैं। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी और चार आरोपियों को मौके से रंगे हाथ पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अमीन खान, मनीष कावडे, सलमान मेमन, रिजवान फारूकी, राहुल गिडलानी, अमन खटवानी और एक नाबालिग शामिल हैं। जांच में सामने आया कि गिरोह के कुछ सदस्य सट्टा आईडी उपलब्ध कराकर अवैध कमीशन कमा रहे थे। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी अमन खटवानी का पहले से भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जबकि अन्य आरोपियों पर भी पूर्व में अलग-अलग मामले दर्ज हैं। सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि ऑनलाइन सट्टा और संगठित अपराध में शामिल लोगों पर आगे और सख्त कार्रवाई की जाएगी। ईएमएस(राकेश गुप्ता)25 मई 2026