क्षेत्रीय
25-May-2026
...


कांकेर(ईएमएस)। जिले के कोयलीबेड़ा ब्लॉक के ग्राम पंचायत गोण्डाहुर के आश्रित गांव मातालकुडूम में इन दिनों भीषण गर्मी के बीच गंभीर जल संकट देखने को मिल रहा है। करीब 18 परिवारों की आबादी वाले इस गांव में आज भी सड़क, बिजली और स्वच्छ पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं का अभाव है। ग्रामीणों के अनुसार गांव का एकमात्र हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा है। इसकी मरम्मत के लिए कई बार विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। मजबूरी में लोग झरिया जैसे प्राकृतिक स्रोतों से मिलने वाला दूषित पानी पीने को विवश हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इसी पानी के उपयोग के कारण गांव में बच्चों और बुजुर्गों के बीमार पड़ने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। इसके बावजूद अब तक कोई वैकल्पिक पेयजल व्यवस्था उपलब्ध नहीं कराई गई है। गांव में बिजली की सुविधा भी नहीं है और न ही आंगनबाड़ी केंद्र जैसी बुनियादी सेवाएं मौजूद हैं। गांव तक पहुंचने के लिए केवल एक संकरी पगडंडी है, जिससे बरसात के दिनों में आवागमन और भी कठिन हो जाता है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चुनाव के समय जनप्रतिनिधि वादे तो करते हैं, लेकिन बाद में गांव विकास से वंचित रह जाता है। करीब तीन दशक से बसे इस गांव में आज भी मूलभूत सुविधाओं का इंतजार है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द समस्या के समाधान और स्थायी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)25 मई 2026