क्षेत्रीय
25-May-2026


बलौदाबाजार(ईएमएस)। जिले में पिछले कुछ दिनों से आतंक मचा रहे एक दंतैल हाथी ने रविवार को ग्राम दोंद में एक ग्रामीण की जान ले ली। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत और शोक का माहौल है। मृतक की पहचान जहरु राम नेताम के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, यह हाथी पिछले चार दिनों से मुरुमडीह क्षेत्र के खेत-खलिहानों में डेरा जमाए हुए था और लगातार फसलों को नुकसान पहुंचा रहा था। रविवार को हाथी ने ग्राम दोंद की ओर रुख किया, जहां उसने एक ग्रामीण पर हमला कर उसे पटककर मार डाला। घटना के बाद वन विभाग, हाथी मित्र दल और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को आबादी वाले इलाके से दूर खदेड़ा। बताया जा रहा है कि हमला करने के बाद हाथी पास की पहाड़ी की ओर चला गया है, जहां से उसके अन्य गांवों में प्रवेश करने की आशंका जताई जा रही है। स्थिति को देखते हुए वन विभाग ने मुड़पार, दोंद, सुरबाय, पांडादाह, गुढ़ागढ़, भिभौरी, बफरा, बार और हरदी सहित आसपास के गांवों में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे रात या तड़के अकेले खेतों की ओर न जाएं, हाथी को देखकर न तो उसके पास जाएं और न ही फोटो या वीडियो बनाने का प्रयास करें। किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत वन विभाग या हाथी मित्र दल को देने की सलाह दी गई है। फिलहाल वन विभाग की टीम हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित परिवार को नियमानुसार मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया की बात कही जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मई 2026