क्षेत्रीय
25-May-2026


धमतरी(ईएमएस)। जिले में अवैध शराब बिक्री के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। अलग-अलग थाना और चौकी क्षेत्रों में की गई इस कार्रवाई में शराब, नकदी और वाहन समेत कुल 28,230 रुपये का माल जब्त किया गया है। यह कार्रवाई मगरलोड थाना, कुरुद थाना और चौकी बिरेझर क्षेत्र में की गई। बेलरदोना मार्ग स्थित शराब भट्ठी के आहता में उत्तम निषाद (27) को अवैध रूप से बीयर बेचते पकड़ा गया। उसके पास से 17 केन बीयर (लगभग 8.5 लीटर) जब्त की गई। ग्राम गाड़ाडीह में गिरधर साहू (43) को देशी शराब की अवैध बिक्री करते पकड़ा गया, जिसके पास से 15 पौवा देशी मसाला शराब बरामद हुई। नया बाजार क्षेत्र में किशोर कुमार ध्रुव (38) को सार्वजनिक स्थान पर शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 10 पौवा शराब और एक होंडा एक्टिवा वाहन जब्त किया गया। ग्राम सोनपुर के पास नहर किनारे कमलेश कुमार टंडन (35) को अवैध शराब बिक्री के आरोप में पकड़ा गया। उसके पास से 17 पौवा देशी शराब जब्त की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मई 2026