क्षेत्रीय
25-May-2026
...


धमतरी(ईएमएस)। जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टे के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो सटोरियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी पीजी कॉलेज मैदान में एक कार के अंदर बैठकर मोबाइल एप के जरिए आईपीएल मैचों पर सट्टा संचालित कर रहे थे। कोतवाली पुलिस को पेट्रोलिंग के दौरान मिली सूचना के आधार पर टीम ने मौके पर दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मैदान में खड़ी टाटा नेक्सॉन कार के भीतर दो युवक मोबाइल फोन से सट्टा खेलते रंगे हाथ पकड़े गए। पुलिस को देखकर आसपास मौजूद कुछ लोग मौके से फरार हो गए। थाना प्रभारी राजेश जगत ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ में उनकी पहचान अमित वाधवानी (30), निवासी पुराना हर्रा गोदाम गली, आमापारा और विजय ग्वालानी उर्फ बब्बू (30), निवासी विवेकानंद कॉलोनी, झूलेलाल नगर के रूप में हुई है। जांच में उनके मोबाइल फोन में ऑनलाइन सट्टा प्लेटफॉर्म की आईडी सक्रिय पाई गई, जिसके जरिए आईपीएल मैचों पर रुपये-पैसों का लेनदेन किया जा रहा था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन, 5,200 रुपये नकद और टाटा नेक्सॉन कार जब्त की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 5 लाख 40 हजार 200 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर आगे की जांच की जा रही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)25 मई 2026