इन्दौर (ईएमएस) अज्ञात कारणों के चलते एक महिला ने अपने घर में फांसी लगाकर जान दे दी। महिला विगत दिनों से बीमारी चल रही थी और परिजन उसका इलाज कराने के लिए कहते तो वह इलाज के लिए भी मना कर रही थी। मामला तुकोगंज थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार मृतका का नाम दीक्षा पति विपिन टटवाडे उम्र पच्चीस साल निवासी अमर टेकरी है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को पति विपिन ने बताया कि कल दीक्षा की तबीयत खराब थी। उन्होंने उसे डॉक्टर के पास चलने के लिए कहा, लेकिन उसने मना कर दिया। इसके बाद पास में क्लिनिक चलाने वाले डॉक्टर को घर बुलाकर ड्रिप चढ़ाने की बात हुई थी वहीं बेटे ने भी फोन कर बताया था कि मां इलाज करवाने के लिए तैयार नहीं हो रही है। रात में सोने से पहले दीक्षा मोबाइल चलाती रही, जबकि वो और बच्चे सो गए थे। आज सुबह करीब 4 बजे जब उसकी नींद खुली तो दीक्षा बिस्तर पर नहीं थी। तलाश करने पर वह दूसरे कमरे में फंदे पर लटकी मिली। जिसके बाद उसे लेकर तुरंत एमवाय अस्पताल पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। - 25 मई 2026