- प्रशासन की लापरवाही पर उठे सवाल - बंद खदान में गिरे बच्चे की तलाश तेज - एनडीआरएफ की मदद ले रही पुलिस देवघर (ईएमएस)। जिले के मधुपुर अनुमंडल के बुढ़ई थाना क्षेत्र अंतर्गत तितमोही गांव में एक दुखद हादसे में चार वर्षीय मासूम सौरभ हांसदा बंद पड़ी खदान के गहरे पानी में गिर गया, जिससे उसकी मौत की आशंका जताई जा रही है। घटना तब हुई जब बच्चा अपने चाचा के साथ नहाने गया था और खेलते समय खदान के किनारे की मिट्टी खिसकने से वह गहरे पानी में समा गया। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का भरसक प्रयास किया, लेकिन खदान की अत्यधिक गहराई के कारण वे सफल नहीं हो सके। घटना की सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए। स्थानीय लोगों और प्रशासन द्वारा देर शाम तक चलाए गए सर्च ऑपरेशन में बच्चे का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। अब इस कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र की बंद पड़ी असुरक्षित खदानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठने लगे हैं, क्योंकि ऐसी ही लापरवाही के कारण पहले भी हादसों का डर बना रहता था। फिलहाल, पूरे इलाके की नजरें एनडीआरएफ के बचाव अभियान पर टिकी हैं, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रामयश/ईएमएस 25 मई 2026