- पेड़ से लटके मिले छात्रा के शव से फैला मातम - साजिश की आशंका जता रहे परिजन पूर्वी सिंहभूम (ईएमएस)। जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ पिछले चार दिनों से लापता एक स्कूली छात्रा का शव घर से करीब दो किलोमीटर दूर एक पेड़ से लटका हुआ बरामद किया गया। मृतका बोड़ाम के नूतनडीह गांव की रहने वाली थी। परिजनों के अनुसार, छात्रा 21 मई को तालाब में नहाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटी। परिजनों और ग्रामीणों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो चौथे दिन ग्रामीणों ने सुनसान इलाके में पेड़ से लटका शव देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन ग्रामीण इस पर संदेह जता रहे हैं। लोगों का कहना है कि घर से निकलने के चार दिन बाद इस तरह की घटना के पीछे कोई साजिश हो सकती है। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है और मृतका के परिजनों व सहेलियों से पूछताछ कर मामले की हर पहलू से जांच कर रही है ताकि मौत के असल कारणों का पता चल सके। रामयश/ईएमएस 25 मई 2026