- नियम के बावजूद नहीं हुई बंद - टास्मैक दुकान के खिलाफ ओल्ड वॉशरमैनपेट में उबाल - स्थानीय लोगों ने प्रशासन पर लगाया अनदेखी का चेन्नई (ईएमएस)। तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के उत्तरी हिस्से स्थित ओल्ड वॉशरमैनपेट इलाके में एक सरकारी शराब दुकान (टास्मैक) को लेकर स्थानीय लोगों का विरोध लगातार तेज होता जा रहा है। निवासियों का आरोप है कि मुख्यमंत्री के स्पष्ट निर्देशों के बावजूद शिक्षण संस्थानों के नजदीक संचालित हो रही इस शराब दुकान को अब तक बंद नहीं किया गया है। मिंट सुबरायुलु नायडू स्ट्रीट पर स्थित यह टास्मैक दुकान और उससे जुड़ा बार पिछले लगभग दो दशकों से संचालित हो रहा है। यह दुकान व्यस्त तिरुवोट्टियूर हाई रोड के समीप स्थित है और कई शैक्षणिक संस्थानों के बेहद करीब है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह दुकान सर त्यागराया कॉलेज से लगभग 200 मीटर, एक सरकारी बालिका उच्च विद्यालय से 250 मीटर, एक सरकारी मिडिल स्कूल से 270 मीटर तथा एक निजी स्कूल से करीब 150 मीटर की दूरी पर स्थित है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि मुख्यमंत्री द्वारा स्कूलों और कॉलेजों के 500 मीटर के दायरे में आने वाली शराब दुकानों को बंद करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद इस दुकान का संचालन जारी रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। इलाके के लोगों का आरोप है कि दुकान के आसपास अक्सर शराब पीने वालों की भीड़ लगी रहती है। कई लोग नशे की हालत में सड़क किनारे पड़े रहते हैं, जिससे सुरक्षा और कानून-व्यवस्था की स्थिति प्रभावित होती है। इसके अलावा दुकान से निकलने वाला कचरा, प्लास्टिक कप और गंदा पानी आसपास के क्षेत्र में गंदगी फैलाता है, जिससे जलभराव की समस्या भी बढ़ जाती है। स्थानीय पार्षद एम. रेणुका ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि इस मुद्दे को लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन, हस्ताक्षर अभियान और ज्ञापन सौंपे जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। वहीं सामाजिक कार्यकर्ताओं ने महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। हालांकि गृह विभाग के अधिकारियों का कहना है कि राज्यभर में चिन्हित टास्मैक दुकानों को चरणबद्ध तरीके से बंद किया जा रहा है। उनके अनुसार 717 दुकानों में से 400 से अधिक को बंद किया जा चुका है और शेष दुकानों को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर हटाया जाएगा। फिलहाल संबंधित दुकान को बंद करने की प्रक्रिया जारी होने की बात कही गई है। रामयश/ईएमएस 25 मई 2026