क्षेत्रीय
25-May-2026
...


- बिजली कंपनी कार्यालय पहुंचकर जीएम से मांगा जवाब बिजली कटौती पर भड़के बमोरी विधायक, बोले- रातभर अंधेरे में जी रहे लोग, सुधार नहीं हुआ तो होगा धरना गुना (ईएमएस)। बमोरी विधानसभा क्षेत्र में मेंटीनेंस और लोड शेडिंग के नाम पर हो रही अघोषित बिजली कटौती को लेकर लोगों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। सोमवार को बमोरी विधायक ऋषि अग्रवाल क्षेत्रीय नागरिकों के साथ बिजली कंपनी के कार्यालय पहुंचे और महाप्रबंधक शर्मा से मुलाकात कर ग्रामीण क्षेत्रों की बदहाल बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताई। विधायक ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो फतेहगढ़, बमोरी, म्याना और सिरसी में आंदोलन एवं धरना प्रदर्शन किया जाएगा। विधायक ऋषि अग्रवाल ने कहा कि पूरे बमोरी विधानसभा क्षेत्र में बिजली संकट गहराता जा रहा है। मेंटीनेंस और लोड शेडिंग के नाम पर घंटों बिजली बंद रखी जा रही है। दिनभर बिजली नहीं मिल रही और रात में भी कई-कई घंटे कटौती हो रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालात ऐसे हैं कि लोग ठीक से सो तक नहीं पा रहे हैं। बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चे और बीमार लोग सबसे ज्यादा परेशान हैं। उन्होंने कहा कि इस समय किसानों ने मूंग की फसल के साथ सब्जियां और अन्य फसलें बो रखी हैं, लेकिन पंप लाइन को पर्याप्त बिजली नहीं मिलने से सिंचाई प्रभावित हो रही है। कई क्षेत्रों में किसानों को केवल 3 से 4 घंटे ही बिजली मिल पा रही है, जिससे फसलें सूखने लगी हैं। वहीं आबादी लाइन में भी रात के समय 4 से 5 घंटे तक कटौती की जा रही है। विधायक ने कहा कि दो दिन पहले फतेहगढ़ में भी स्थानीय नागरिकों ने बिजली विभाग को ज्ञापन सौंपा था, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ। लगातार बढ़ रही शिकायतों के बाद उन्हें खुद हस्तक्षेप करना पड़ा। उन्होंने मांग की कि पंप लाइन को दिन में लगातार बिजली दी जाए और आबादी लाइन रातभर चालू रखी जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके। बिजली कंपनी के महाप्रबंधक शर्मा ने विधायक और नागरिकों को आश्वासन दिया कि बमोरी विधानसभा क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए जाएंगे। हालांकि विधायक ने साफ कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रभर में चरणबद्ध आंदोलन शुरू किया जाएगा। ग्रामीणों का कहना है कि भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली संकट ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। अघोषित कटौती के कारण घरों से लेकर खेतों तक हर व्यवस्था प्रभावित हो रही है।।- सीताराम नाटानी