राज्य
25-May-2026


- रजरप्पा से लौटते समय हादसा - कार का अगला हिस्सा चकनाचूर गिरिडीह (ईएमएस)। जिले के बगोदर थाना क्षेत्र में सोमवार को जीटी रोड पर मोहरी के समीप एक भीषण सड़क दुर्घटना में कार सवार चार लोग घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब रजरप्पा मंदिर से दर्शन कर लौट रही एक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा भिड़ी। जानकारी के अनुसार, पटना के कंकड़बाग निवासी विक्की कुमार, अंकित कुमार, बलराम सिंह और चंदन कुमार रजरप्पा मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान मोहरी के पास उनकी कार तेज रफ्तार में नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे खड़े ट्रक के पिछले हिस्से से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी लोग वाहन के भीतर फंस गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल राहत कार्य शुरू करते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और उन्हें इलाज के लिए बगोदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। चिकित्सकों ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार किया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं। घटना की सूचना मिलते ही बगोदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारु कराया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। सड़क दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए जीटी रोड पर यातायात प्रभावित रहा। रामयश/ईएमएस 25 मई 2026