व्यापार
25-May-2026


मुंबई (ईएमएस)। पश्चिम एशिया में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव में नरमी के संकेतों के बाद क्रिप्टो करेंसी बाजार में दूसरे दिन भी तेजी जारी है। प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी बिटकॉइन 77,325.74 डालर के स्तर पर पहुंच गया है। इस सकारात्मक बदलाव के कारण निवेशकों का रुझान जोखिम वाली संपत्तियों की ओर बढ़ा है। ईरान और अमेरिका के बीच संभावित शांति समझौते और भू-राजनीतिक तनाव कम होने की उम्मीद ने वैश्विक बाजारों को प्रभावित किया है। सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में 5 फीसदी से अधिक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि क्रिप्टो बाजार में रौनक लौट आई। भारतीय समयानुसार सुबह 11:50 बजे बिटकॉइन 77,325.74 डॉलर पर ट्रेड कर रहा था, जो रविवार को 76,688 डॉलर के आसपास था। पिछले 24 घंटों में इसने 0.75 फीसदी की वृद्धि दर्ज की है, जबकि इसके ‎पिछले कारोबारी ‎दिन दोपहर से पहले 1.64 फीसदी की तेजी देखी गई थी। हालांकि, ईरान के हालिया बयान ने बाजार में नई अनिश्चितता पैदा कर दी है, जिसमें कहा गया है कि यदि अमेरिका उसकी फ्रीज की गई संपत्ति को रिलीज नहीं करता है तो युद्धविराम विफल हो सकता है। सतीश मोरे/25मई ---