व्यापार
25-May-2026


- एचपीसीएल, बीपीसीएल और आईओसी के शेयरों में 4 से 6 प्रतिशत का उछाल नई दिल्ली (ईएमएस)। पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि के बाद सोमवार को सार्वजनिक क्षेत्र की तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) के शेयरों में जोरदार तेजी दर्ज की गई। कीमतों में बढ़ोतरी का सीधा असर कंपनियों के मुनाफे की उम्मीद पर पड़ा, जिससे निवेशक आकर्षित हुए। बीएसई पर हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एचपीसीएल) का शेयर 5.86 प्रतिशत बढ़कर 412.55 रुपये के उच्च स्तर पर पहुंच गया। भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (बीपीसीएल) में 4.55 प्रतिशत और इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन (आईओसी) के शेयर में 4.15 प्रतिशत की बढ़त देखी गई। यह तेजी सोमवार को पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 2.61 से 2.71 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी के तुरंत बाद आई, जो दो सप्ताह से भी कम समय में चौथी वृद्धि है। 15 मई से अब तक कुल 7.5 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि हो चुकी है, जिससे महंगाई और परिवहन लागत बढ़ने की चिंताएं बढ़ गई हैं। विश्लेषकों का मानना है कि वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में फरवरी के अंत से अब तक 50 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि हुई है। अमेरिका-इजराइल संघर्ष, ईरान में तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य से आपूर्ति बाधित होने की आशंका इसकी मुख्य वजहें हैं, जो कच्चे तेल को महंगा कर रही हैं। सतीश मोरे/25मई ---